Share

देहरादून। उत्तराखंड में कांग्रेस ने प्याज सहित सब्जियों और अन्य खाद्य पदार्थों के बढ़ते दामों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जगह-जगह प्रदर्शन किए जा रहे हैं। राजधानी देहरादून में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तहसील स्थित छोटी सब्जी मंडी में केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ जमकर हल्ला बोला और कहा कि मोदी सरकार के वायदे जुमले साबित हुए हैं।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा के शासनकाल में मंहगाई अपने चरम पर है। आम आदमी का जीना दूभर हो चुका है। प्याज सहित सभी सब्जियां आम आदमी की थाली से गायब हो चुकी हैं। अपने पिछले पांच साल के कार्यकाल में 100 दिन में मंहगाई कम करने का वायदा करने वाली मोदी सरकार ने मंहगाई से देश की जनता का छह साल में बुरा हाल कर दिया।
उन्होंने बताया कि 2014 में एक रसोई गैस सिलेंडर 450 रुपये का था, जो आज बढ़कर 723 रुपये पहुंच गया है, जबकि पेट्रोल 75 और डीजल 68 रुपये से ऊपर पहुंच गया। वह भी तब जब कच्चे तेल की अंतरराष्ट्रीय कीमतें लगातार कम होती रहीं। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा सरकार बनने पर मंहगाई कम करने, दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वायदा एक जुमला साबित हुआ।
शिक्षित बरोजगार नौजवानों को रोजगार देने के बजाय मोदी सरकार ने उन्हें पकौड़े तल कर बेचने की सलाह देते हैं। उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों की प्रदेश में दुर्दशा हो चुकी है। वक्ताओं ने राज्य सरकार पर अकर्मण्यता का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि पूरे राज्य में विकास का पहिया थम गया है, जिसके विरोध में कांग्रेस पार्टी राज्यव्यापी आंदोलन चलाती रहेगी।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *