Share

देहरादून-राज्य में चल रही ‘द अल्टीमेट हिमालयन माउंटेन बाइकिंग चैलेंज 2019’ प्रतियोगिता अब काफी रोमांचक दौर में पहुंच गई है. चार दिन की रेस पूरी करने के बाद पुरुष वर्ग में ईरान के परवीज मरदानी सबसे तेज चलने वाले राइडर बने हुए हैं. उन्हें थाईलैंड के राइडर्स कीर्ति सुकप्रसार्त^ तथा परिवाक तंलेत से कड़ी टक्कर मिल रही है. महिला वर्ग में नेपाल की लक्ष्मी मगर पहले स्थान पर चल रही है जबकि जर्मनी की सारा एप्पैल्ट उनसे मामूली अंतर से दूसरे स्थान पर चल रही हैं. भारतीय वर्ग में हिमाचल के देवेंद्र कुमार पहले स्थान पर बने हुए हैं.

इरान के राइडर को थाई राइडर्स कीरति सुक्प्रसार्तत था परिवाक तंलेत से कड़ी टक्कर मिलती दिख रही है. यह दोनों राइडर मरदानी से महज 6 मिनट तथा 12 मिनट के अंदर से पीछे हैं. 36 वर्षीय मरदानी एशिया के दूसरे नंबर के माउंटेन बाइकर हैं और इस प्रतियोगिता में पहले दिन से ही अपना ददबदबा बनाए हुए हैं. उन्होंने चौथे चरण तक की दूरी तय करने में 14 घंटे 30 मिनट 21 सेकंड का समय लिया है. भारतीय वर्ग में हिमाचल प्रदेश के देवेंदर कुमार 14 घंटे 49 मिनट, सेना के कमलेश राणा 14 घंटे 55 मिनट तथा हिमाचल प्रदेश के शिवेन 15 घंटे 7 मिनट का समय लेकर क्रमश सातवें, आठवें और नवें स्थान पर चल रहे हैं.

महिला वर्ग में विदेशी राइडर्स का दबदबा बना हुआ है. चौथे चरण की समाप्ति के पश्चात नेपाल की लक्ष्मी मगर 18 घंटे 37 मिनट का समय लेकर नंबर वन बनी हुई हैं. जर्मनी की सारा ऐप्पेल्ट 18 घंटे 42 मिनट तथा इंडोनेशिया की नोविआना 18 घंटे 53 मिनट का समय लेकर क्रमशः दूसरे तथा तीसरे स्थान पर हैं. रेस में प्रतिभाग कर रही उत्तराखंड की पूनम राणा अंतरराष्ट्रीय श्रेणी में सातवें स्थान पर चल रही हैं. उन्होंने अभी तक की रेस पूरी करने में 20 घंटे 22 मिनट का समय लिया है.

ज्ञातव्य है कि उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद, एशियन डेवलपमेंट बैंक तथा साइकिल फेडरेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में इस रेस का आयोजन किया जा रहा है. अब तक कुल 564 किलोमीटर में से 421 किलोमीटर की रेस पूरी हो चुकी है. रेस में अभी दो और चरण शेष हैं. कल राइडर्स टिहरी से चिन्यालीसौड़ पहुंचेंगे और अगले दिन चिन्यालीसौड़ से मसूरी पहुंचेंगे, जहां रेस अपनी मंजिल को प्राप्त करेगी. आज विश्राम का दिन रहा. प्रतिभागियों ने अपनी साइकिलों का मेंटेनेंस किया और टिहरी लेक के नजारों का आनंद उठाया. प्रतिभागियों के मनोरंजन के लिए संध्याकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया.

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *