Share

हुबली – कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने मंगलवार को नेहा हिरेमठ के पिता से फोन पर बात की और हत्या पर गहरा खेद जताते हुए आश्वासन दिया कि न्याय पाने के लिए सरकार उनका हर तरह से साथ देगी। नेहा के पिता निरंजन हिरेमठ हुबली-धारवाड़ नगर निगम के कांग्रेस पार्षद हैं। उन्होंने रविवार को कहा था कि वह राज्य सरकार की जांच से संतुष्ट नहीं हैं और मामले में सीबीआई से जांच चाहते हैं। राज्य के कानून और संसदीय मामलों के मंत्री एचके पाटिल मंगलवार को निरंजन के घर पहुंचे, इसी दौरान सिद्धरमैया ने उनसे फोन पर बात की और कहा कि यह एक गंभीर अपराध है। आरोपी को सजा जरूर दिलाई जाएगी। 23 वर्षीय छात्रा नेहा हिरेमठ की 11 अप्रैल को शहर के बीवीबी कॉलेज के परिसर में प्यार का प्रस्ताव ठुकरा देने पर फैयाज खोंडुनाईक ने चाकू मारकर हत्या कर दी थी।

यह लव जिहाद का मामला, और भी हैं साजिशकर्ता ः भाजपा
कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र ने मंगलवार को फिर से नेहा हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि वह पीड़ित परिवार से मिले हैं। इस मामले में राज्य सरकार के बर्ताव से परिवार का कोई भी सदस्य संतुष्ट नहीं है।

विजयेंद्र ने कहा, सरकार ने यह मामला भले ही सीआईडी को दे दिया है, लेकिन अब तक सिर्फ एक ही गिरफ्तारी हुई है। यह लव जिहाद का मामला है, निश्चित रूप से साजिश में और लोग जुड़े हैं, लेकिन इसे साधारण अपराध बताकर रफा-दफा करने का प्रयास किया जा रहा है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *