Share

पीएम मोदी ने ‘करेले’ से क्यों की कांग्रेस की तुलना? बोले- शक्कर में घोलें फिर भी कड़वा ही रहता है
आगामी लोकसभा चुनाव 2024 के लिए मतदान से पहले एक दूसरे पर निशाना साधने का सिलसिला शुरू हो चुका है। सोमवार को पीएम मोदी ने महाराष्ट्र के चंद्रपुर में चुनावी सभा की। इस दौरान पीएम ने कांग्रेस पर बड़ा हमला किया है।
लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर सभी राजनीतिक दल एक-दूसरे पर जमकर निशाना साध रहे हैं। पीएम मोदी भी एक बाद एक कई राज्यों में ताबड़तोड़ रैलियां कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने महाराष्ट्र में अपनी पहली रैली को संबोधित किया। पीएम मोदी ने चंद्रपुर में कांग्रेस की तुलना करेले से कर दी है। पीएम मोदी ने कहा कि करेले को घी में तला जाए या फिर शक्कर में घोला जाए, वह कड़वा ही रहता है। उन्होंने देश की सभी समस्याओं का जिम्मेदार कांग्रेस को बताया है। जहां भी सत्ता पाओ, खूब मलाई खाओ…- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि एक तरफ केंद्र सरकार देशहित में कड़े फैसले ले रही है, वहीं विपक्षी गठबंधन का लक्ष्य ‘सत्ता पाओ और मलाई खाओ’ का है। पीएम मोदी ने उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाले शिवसेना धड़े को नकली बताते हुए कहा कि इंडी अलायंस में शामिल द्रमुक सनातन को डेंगू-मलेरिया कह कर उसके खात्मे की बात कर रही है और नकली शिवसेना वाले उन्हीं लोगों की महाराष्ट्र में रैली करवाते हैं।
कांग्रेस कभी नहीं बदल सकती- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने महाराष्ट्र की रैली में कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव 2024 स्थिरता बनाम अस्थिरता के बीच है। एक ओर भाजपा के नेतृत्व में एनडीए है जिसका ध्येय है कि देश के लिए कड़े फैसले लो, बड़े फैसले लो। वहीं, दूसरी ओर कांग्रेस और ‘इंडी’ गठबंधन है, जिसका मंत्र है- जहां भी सत्ता पाओ, खूब मलाई खाओ। पीएम मोदी ने इसके बाद कहा कि कड़वे करेले को घी में तलें या शक्कर में घोलें, वो फिर भी कड़वा का कड़वा ही रहता है। ये कहावत कांग्रेस पर सटीक लागू होती है। कांग्रेस कभी नहीं बदल सकती।कांग्रेस के घोषणापत्र में मुस्लिम लीग की छाप- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए पूछा कि धर्म के आधार पर देश के बंटवारे का जिम्मेदार कौन था? कश्मीर, नक्सलवाद जैसे मुद्दों के लिए कौन जिम्मेदार? वह कौन थे जिन्होंने राम मंदिर निर्माण की राह में रोड़े अटकाए और भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाया? राम मंदिर (उद्घाटन) के निमंत्रण को किसने ठुकराया? पीएम ने कहा कि कांग्रेस ने अपने कर्मों के कारण लोगों का समर्थन खो दिया है। पीएम ने कांग्रेस के घोषणापत्र पर निशाना साधते हुए कहा कि इनके घोषणापत्र में विभाजन समर्थक मुस्लिम लीग की छाप है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *