यूपी में 2027 में विधान सभा चुनाव है और उनकी पार्टी यूपी में 200 विधान सभा सीट पर लड़ने की तैयारी

6
Share

एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी 14 जून को यूपी आ रहे हैं। वह बहराइच के मटेरा इलाके में रैली को संबोधित करेंगे। यूपी में 2027 में विधान सभा चुनाव है और उनकी पार्टी यूपी में 200 विधान सभा सीट पर लड़ने की तैयारी में है।
उत्तर प्रदेश में अगले साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने तैयारी अभी से ही शुरू कर दी है। यूपी में ओवैसी की पार्टी 200 सीटों पर चुनाव लड़ने का प्लान बना रही है। एआईएमआईएम चीफ़ असदुद्दीन ओवैसी रविवार यानी 14 जून को इसी सिलसिले में यूपी आ रहे हैं। माना जा रहा है कि रविवार से ओवैसी यूपी में अपनी पार्टी के चुनाव प्रचार की शुरुआत करेंगे।बहराइच के मटेरा इलाके में असदुद्दीन ओवैसी रविवार को एक जनसभा करेंगे। जिस मटेरा में ओवैसी की रैली हो रही है, वहां से समाजवादी पार्टी की मारिया शाह विधायक हैं। ये सीट 2012 में बनी थी और तब से ही ये सीट समाजवादी पार्टी के पास है। यानी मटेरा विधानसभा सीट से सपा कभी चुनाव नहीं हारी है। इससे पहले ओवैसी की पार्टी ने अखिलेश यादव के गृह जनपद इटावा में भी चुनाव प्रचार शुरू किया था। जहां “2027 में गेम बदल देंगे” वाले बैनर पोस्टर लगाकर ई रिक्शा रैली निकाली गई थी। Aimim के यूपी के अध्यक्ष शौकत अली ने इंडिया टीवी से कहा कि उनकी पार्टी यूपी में मायावती के साथ मिलकर चुनाव लड़ना चाहती है क्योंकि यूपी में मुस्लिम और दलित वोट मिलकर कुल वोट शेयर का करीब 40 फीसदी है।बिहार विधान सभा और महाराष्ट्र के निकाय चुनाव में मिली कामयाबी के बाद ओवैसी यूपी में भी जोर शोर से चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। हालांकि अभी तक यूपी में AIMIM का प्रदर्शन अच्छा नहीं रह। ओवैसी ने 2017 विधान सभा चुनाव में 38 सीट पर चुनाव लड़ा, जिसमें से 37 पर ज़मानत ज़ब्त हो गई। ओवैसी की पार्टी ने 2022 में 96 सीट पर चुनाव लड़ा था लेकिन 0.43 फीसदी वोट ही मिला था। यूपी में निकाय चुनावों में ओवैसी को ज़रूर कामयाबी मिली। 2017 के निकाय चुनावों में पार्टी ने 78 उम्मीदवार खड़े किए जिनमे 29 जीत गए। 2023 के निकाय चुनावो में भी ओवैसी की पार्टी ने पांच नगर पालिका परिषद सीट जीती। साथ में 75 पार्षद भी बनाये। ओवैसी बहराइच में सालार मसूद ग़ाज़ी की दरगाह भी जा सकते हैं। ओवैसी के दौरे को लेकर सियासत भी शुरू हो गई। योगी सरकार के मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने शौकत अली के महाराजा सुहेलदेव पर दिए गए बयान पर नाराजगी जताई है।