Share

नई दिल्ली. पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों के दौरान सुरक्षा के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) के लगभग 50 हजार जवानों को तैनात किया जा रहा है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इन जवानों का एक बड़ा हिस्सा उत्तर प्रदेश भेजा जा रहा है जहां की 403 विधानसभा सीटों पर सात चरणों में मतदान होना है। इससे पहले आज ही भारतीय निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर, पंजाब और गोवा में विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम और तारीखों का एलान किया था।
इन राज्यों में से उत्तर प्रदेश में सात चरणों में मतदान संपन्न होगा जहां इसकी शुरुआत 10 फरवरी को होगी और अंतिम चरण का मतदान सात मार्च को होगा। इसके अलावा पंजाब (117 सीट), उत्तराखंड (70 सीट) और गोवा (40 सीट) में 14 फरवरी को एक ही दिन में सभी सीटों पर मतदान होगा। वहीं, 60 विधानसभा सीटों वाले मणिपुर में 27 फरवरी और तीन मार्च को दो चरणों में चुनाव आयोजित होगा। निर्वाचन आयोग के अनुसार इन सभी राज्यों के लिए मतगणना 10 मार्च को की जाएगी।

आने वाले दिनों में और कंपनियां भी तैनात की जाएंगी
समाचार एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती चरण में सीएपीएफ के तहत आने वाले सीआरपीएफ (केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल), बीएसएफ (सीमा सुरक्षा बल), आईटीबीपी (इंडो-तिब्बत सीमा पुलिस), सीआईएसएफ (केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल) और एसएसबी (सशस्त्र सीमा बल) आदि की 500 कंपनियों को तैनात किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार आने वाले दिनों में कम से कम 100 से 150 ऐसी और इकाइयों को भी जोड़ा जा सकता है।

500 मे से 375 कंपनियों को भेजा गया है उत्तर प्रदेश
अधिकारियों ने बताया कि इन 500 कंपनियों में 375 को उत्तर प्रदेश भेजा जाएगा। उत्तर प्रदेश पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सीएपीएफ की 150 कंपनियों को संबंधित जिलों के लिए चिह्नित किया जा चुका है और उनती तैनाती 10 जनवरी से शुरू हो जाएगी। इनका उद्देश्य निष्पक्ष और प्रभावी तरीके से चुनाव संपन्न कराना रहेगा। बता दें कि सीएपीएफ की एक कंपनी में लगभग 70 से 80 जवान होते हैं। इस बार कोविड-19 के चलते मतदान केंद्रों की संख्या भी बढ़ाई गई है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *