Share

मुंबई. रणजी ट्रॉफी का मौजूदा सीजन कोरोना के भेंट चढ़ गया है। देश में कोरोना के लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने एक्शन लिया है। उन्होंने रणजी ट्रॉफी समेत कई घरेलू टूर्नामेंट्स को स्थगित करने का फैसला लिया है। रणजी का पिछला सीजन भी कोरोना की वजह से रद्द कर दिया गया था। अब लगातार दूसरे साल कोरोना का इस सबसे बड़े घरेलू टूर्नामेंट पर असर पड़ा है।
अब रणजी ट्रॉफी टूर्नामेंट अपने तय शेड्यूल यानी 13 जनवरी से शुरू नहीं होगा। इसे अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किया गया है। इसके अलावा दूसरे घरेलू टूर्नामेंट्स जैसे कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी और सीनियर महिला टी-20 लीग को भी स्थगित कर दिया गया है। केवल अंडर-19 कूच बिहार टूर्नामेंट जारी रहेगा। इसका प्री-क्वार्टरफाइनल मैच जल्द ही खेला जाएगा।

बीसीसीआई ने स्वास्थ्य कर्मियों को धन्यवाद कहा
इस बार भारत के घरेलू सीजन में 11 टूर्नामेंट्स आयोजित हुए। इसमें 700 से ज्यादा मैच खेले गए। बीसीसीआई ने इसके लिए स्वास्थ्य कर्मियों, राज्य क्रिकेट संघों, खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और मैच अधिकारियों को धन्यवाद कहा है।

बंगाल की टीम में सात मामले सामने आए
इससे पहले बंगाल रणजी टीम के सात सदस्य कोरोना संक्रमित पाए गए थे। इन सभी सदस्यों को आइसोलेट कर दिया गया था। बंगाल क्रिकेट संघ के सचिव स्नेहाशीष गांगुली ने इसकी जानकारी दी थी। मंगलवार को बंगाल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष अविषेक डालमिया कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे।

बंगाल की टीम को रणजी का ओपनिंग मैच खेलना था। बंगाल की टीम में कोरोना के मामले सामने आने के बाद मुंबई के साथ उसका अभ्यास मैच भी रद्द कर दिया गया था। इससे पहले बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। वे कोरोना के डेल्ट वैरिएंट से संक्रमित थे।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *