Share

एजेंसी न्यूज
फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के एक नर्सिंग होम में हुई घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया। घटना के बाद से लोगों में अस्पताल में सुरक्षा की अनदेखी को लेकर बेहद आक्रोश है। दरअसल, नर्सिंगहोम में सोमवार सुबह एक आवारा कुत्ता घुस गया और वार्ड में कुछ ही घंटे पहले जन्मे बच्चे की आंख व चेहरा नोंच लिया। कुछ ही देर में बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई, जिसके बाद परिवार वालों में कोहराम मच गया। जानकारी मिलते ही नर्सिंगहोम संचालक फरार हो गया, पुलिस घटना की जांच कर रही है।
फतेहगढ़ के नगलादीना मोहल्ले में रहने वाले रवि कुमार की पत्नी कंचन गर्भवती थी। सोमवार की सुबह प्रसव पीड़ा होने पर रवि ने कंचन को आवास विकास कालोनी स्थित आकाशगंगा नर्सिंगहोम में भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों द्वारा ऑपरेशन के बाद कंचन ने पुत्र को जन्म दिया। नर्सिंगहोम स्टॉफ ने वार्ड में ही बच्चे को लिटा दिया। इस बीच एक आवारा कुत्ता वार्ड में घुस आया और बच्चे पर हमलाकर एक आंख नोच ली। बुरी तरह से घायल बच्चे की कुछ ही देर में दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की जानकारी पर परिवार वालों ने नर्सिंग होम स्टाफ से नाराजगी जताई तो संचालक ने अभद्रता शुरू कर दी। परिवार वालों के हंगामा करने पर संचालक मौके सेे खिसक गया। घटना के बारे में सुनने वालों के दिल दहल गए। सूचना पर पहुंची आवास विकास चैकी पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को समझाया। फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है। मृत नवजात बच्चे के परिजनों ने नर्सिंगहोम संचालक के खिलाफ तहरीर दी है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *