लखनऊ. उत्तर प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को नवंबर के बिजली बिल में राहत मिलने जा रही है। फ्यूल सरचार्ज में कमी के चलते उपभोक्ताओं का बिल 9.17 प्रतिशत तक कम होकर आएगा। इस साल अब तक की यह सर्वाधिक गिरावट बताई जा रही है। फ्यूल सरचार्ज घटने का सीधा असर बिजली बिल पर पड़ेगा, जिससे उपभोक्ताओं को भुगतान में राहत मिलेगी। बढ़ते खर्चों के बीच बिजली बिल में होने वाली यह कमी आम उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है।
इससे पहले जुलाई में हुई थी सस्ती
उत्तर प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को जुलाई में बड़ी राहत मिली थी। जुलाई में बिजली 4.43 प्रतिशत सस्ती हुई। इतनी सस्ती बिजली करीब 15 माह बाद मिल रही है। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल)ने यह घोषणा की है। यह घोषणा उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग के आदेश पर हुई। ईंधन एवं बिजली खरीद लागत समायोजन (एफपीपीसीए) के तहत जुलाई माह की लागत समायोजन दर जारी हुई है। यह अप्रैल 2026 की लागत पर आधारित है।
उपभोक्ताओं को 4.43 प्रतिशत की राहत मिलेगी। यह पिछले 15 माह का सबसे बड़ा एफपीपीसीए लाभ है। अप्रैल 2025 से मार्च 2026 तक सबसे अधिक 2.42 प्रतिशत की कमी हुई थी। यह अब तक की सबसे बड़ी कमी है। इससे प्रदेश के सभी विद्युत उपभोक्ताओं को 358.31 करोड़ रुपये का लाभ मिला।
