Share

देहरादून। हरिद्वार को छोड़ शेष जिलों में शनिवार से शुरू हो रही जिला पंचायतों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और क्षेत्र पंचायतों के प्रमुख, ज्येष्ठ और कनिष्ठ उपप्रमुखों के चुनाव की प्रक्रिया में छठ पूजा के सार्वजनिक अवकाश से कोई बाधा न आए, इसके लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी डीएम को दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
बैंक और कोषागार बंद रहने के मद्देनजर इन पदों के प्रत्याशी नामांकन शुल्क और जमानत राशि निर्वाचन अधिकारी के पास नकद जमा कराएंगे। निर्वाचन अधिकारी उन्हें इसकी शासकीय रसीद उपलब्ध कराएंगे। ऐसी ही व्यवस्था रुड़की नगर निगम के चुनाव के लिए चल रही नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन भी लागू रहेगी। 12 जिला पंचायतों में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और 89 क्षेत्र पंचायतों में प्रमुख, ज्येष्ठ और कनिष्ठ उपप्रमुखों के चुनाव की प्रक्रिया शनिवार को नामांकन के साथ शुरू होगी।
शनिवार को ही नामांकन दाखिल होंगे और शाम तक जांच का कार्य भी पूरा कर लिया जाएगा। इस बीच सरकार द्वारा ऐन वक्त पर शनिवार को छठ पूजा के उपलक्ष्य में सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिए जाने से बैंक व कोषागार भी बंद रहेंगे। ऐसे में इन पदों के प्रत्याशियों को नामांकन शुल्क और जमानत राशि जमा कराने में व्यवधान की नौबत आ गई। वजह यह कि ये राशि बैंक और कोषागार में जमा होती है। इस सबको देखते हुए राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी जिलों के डीएम को दिशा निर्देश जारी किए हैं, ताकि चुनाव प्रक्रिया में व्यवधान न हो।
राज्य निर्वाचन आयुक्त चंद्रशेखर भट्ट ने बताया कि सभी प्रत्याशी नामांकन शुल्क और जमानत राशि निर्वाचन अधिकारी के पास नकद जमा कराएंगे। इसके लिए डीएम से कहा गया है कि वे सभी निर्वाचन अधिकारियों के पास पर्याप्त संख्या में शासकीय रसीद की उपलब्धता सुनिश्चित कराएं। उन्होंने बताया कि रुड़की नगर निगम के चुनाव के लिए शनिवार को नामांकन का अंतिम दिन है। वहां भी यही व्यवस्था सुनिश्चित करने को हरिद्वार के डीएम से कहा गया है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *