Share

एजेंसी न्यूज
नई दिल्ली। महाराष्ट्र और हरियाणा में सोमवार को हुए विधानसभा चुनाव की मतगणना बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे शुरू होगी। चुनाव अधिकारियों ने यह जानकारी दी। एक्जिट पोल में भाजपा-शिवसेना गठबंधन के आसानी से सत्ता हासिल करने की संभावना प्रकट की गयी है। एक चुनाव अधिकारी ने बताया कि महाराष्ट्र में मतगणना ड्यूटी के लिए करीब 25,000 कर्मियों की तैनाती की गयी है।
पुलिस ने मतगणना शांतिपूर्वक कराने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए हैं। अधिकारियों ने बताया कि 288 विधानसभा क्षेत्रों के लिए राज्य के 269 स्थानों पर मतगणना होगी। सोमवार को 61.13 प्रतिशत मतदान हुआ था जबकि वर्ष 2014 में 63.20 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। सबसे ज्यादा कोल्हापुर की करवीर सीट पर 83.93 प्रतिशत मतदान हुआ जबकि सबसे कम दक्षिण मुंबई के कोलाबा क्षेत्र में 40.11 प्रतिशत मतदान हुआ। सोमवार को सतारा लोकसभा क्षेत्र का भी उपचुनाव हुआ। यहां पर 67.15 प्रतिशत मतदान हुआ था।
हरियाणा में सत्तारूढ़ भाजपा को अपनी सत्ता बरकरार रहने की उम्मीद है और एग्जिट पोल से उसकी इन उम्मीदों को और बल मिला है जिनमें भगवा पार्टी की आसान जीत का अनुमान जताया गया है। राज्य के 90 विधानसभा क्षेत्रों में से प्रत्येक में एक मतगणना केंद्र स्थापित किया गया है और गुड़गांव के बादशाहपुर खंड़ में एक अतिरिक्त केन्द्र बनाया गया है जिनमें बड़ी संख्या में मतदान केन्द्र थे।
हरियाणा के संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी इंदर जीत ने बताया कि मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू होगी। उन्होंने बताया कि सोमवार को हुए मतदान के लिए इस्तेमाल की गई इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) और वीवीपैट मशीनों को 59 विभिन्न स्थानों पर बनाये गये 90 ‘स्ट्रांगरूम’ में रखा गया है। उन्होंने बताया कि राज्य पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के कर्मी 24 घंटे स्ट्रांगरूम की निगरानी कर रहे है।
हरियाणा में सोमवार को 68 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया था जो 2014 में हुए विधानसभा चुनाव की तुलना में कुछ कम था। उस वर्ष 76.54 प्रतिशत मतदान हुआ था। वर्ष 2014 में भाजपा ने 47 सीटों पर जीत दर्ज की थी और कांग्रेस को 15 सीटें मिली थी। इंडियन नेशनल लोकदल ने 19 सीटों पर जीत हासिल की थी और बहुजन समाज पार्टी तथा शिरोमणि अकाली दल को एक-एक सीट मिली थी। पांच निर्दलीय थे। इस बार 105 महिलाओं समेत 1,169 उम्मीदवार मैदान में है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *