सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समयबद्ध और संतोषजनक निस्तारण हो: मुख्यमंत्री 30 दिन से अधिक लंबित मामलों पर विशेष ध्यान, पेयजल पाइपलाइन-सीवर लाइनों का 15 दिन में ऑडिट

4
Share

देहरादून. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में सीएम हेल्पलाइन 1905 की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जन शिकायतों का वास्तविक, समयबद्ध और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों को केवल पोर्टल पर बंद करने के बजाय शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को अपने जनपदों में अधिक प्राप्त हो रही शिकायतों की विभागवार समीक्षा कर शीघ्र समाधान कराने तथा बार-बार सामने आने वाली समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारियों को तहसीलों के औचक निरीक्षण के दौरान दाखिल-खारिज की समयबद्धता और भूमि धोखाधड़ी के मामलों की समीक्षा के निर्देश भी दिए।
उन्होंने स्वच्छ पेयजल को शीर्ष प्राथमिकता देते हुए पाइपलाइन और सीवर लाइनों का 15 दिन में ऑडिट कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा लीकेज और पेयजल आपूर्ति संबंधी समस्याओं का तत्काल समाधान कराने को कहा।
मुख्यमंत्री ने 30 दिन से अधिक और विशेष रूप से 180 दिन से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता से निस्तारित करने, अनावश्यक ‘स्पेशल क्लोज’ या ‘फोर्स क्लोज’ नहीं करने और शिकायतकर्ता के फीडबैक को निस्तारण की गुणवत्ता का आधार बनाने के निर्देश दिए। लापरवाही पर अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और अच्छा कार्य करने वालों को प्रोत्साहित करने को कहा।
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने शिकायतकर्ताओं से फोन पर बात कर चिकित्सा प्रतिपूर्ति, परित्यक्ता पेंशन, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और छात्रवृत्ति से जुड़े मामलों की स्थिति जानी और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन शासन और आमजन के बीच प्रभावी संवाद का माध्यम है।