गणेश चतुर्थी: पीयूष गोयल के आवास पहुंचे पीएम मोदी, गणपति बप्पा की उतारी आरती; लिया विघ्नहर्ता का आशीर्वाद

3
Share

नई दिल्ली. उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को गणेश चतुर्थी के अवसर पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के आवास पर भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की। दोनों ने सभी के कल्याण की कामना की।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर तस्वीरों के साथ पोस्ट किया, ‘केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के आवास पर गणपति के दर्शन के लिए गया। भगवान श्री गणेश सभी को आशीर्वाद दें।’ राधाकृष्णन ने भी गोयल के आवास पर भगवान गणेश की प्रतिमा के सामने पूजा-अर्चना की।
देशभर में उत्साह से मनाया जा रहा गणेश चतुर्थी का त्योहार
गणेश चतुर्थी के मौके पर सोमवार को देशभर में धार्मिक उत्साह और उमंग का माहौल रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रमुख पंडालों और मंदिरों में पहुंचे। भगवान गणेश के जन्म के उपलक्ष्य में मनाए जाने वाले इस पर्व पर पारंपरिक रीति-रिवाजों, पूजा-पाठ और सामुदायिक आयोजनों के साथ उत्सव मनाया जा रहा है।

गणेश चतुर्थी के अवसर पर अलग-अलग दलों के राजनीतिक नेताओं ने भी पूजा और आरती की। उन्होंने पार्टी मुख्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। नेताओं ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में खुशहाली और उत्साह की कामना की।

पीएम मोदी ने दीं देशवासियों को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं
पीएम मोदी ने देशवासियों को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पवित्र पर्व लोगों के जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह लेकर आएगा। प्रधानमंत्री ने एक्स पर लिखा, ‘मेरे सभी देशवासियों को गणेश चतुर्थी की हार्दिक शुभकामनाएं। दर्शन और पूजा के इस पवित्र पर्व से विघ्नों को दूर करने वाले भगवान गणेश सभी के जीवन में नई ऊर्जा और नया उत्साह भरें। उनके दिव्य आशीर्वाद से सभी प्रयास सफल हों और देश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे, यही मेरी प्रार्थना है।’