Share

रुड़की। फॉरेस्ट गार्ड भर्ती परीक्षा मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। प्रश्न पत्र रुड़की में कक्ष निरीक्षक ने व्हॉट्सएप के जरिए लीक कराया था। मामले में पुलिस ने कक्ष निरीक्षक समेत आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से चार आरोपितों ने बिना आइडी के इस गिरोह को सिम कार्ड बेचे थे। फिलहाल, रुड़की और पौड़ी पुलिस आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है।
सिविल लाइंस कोतवाली में एसएसपी डी. सैंथिल अवूदई कृष्ण राज एस ने बताया कि प्रदेश में 16 फरवरी को फॉरेस्ट गार्ड भर्ती परीक्षा आयोजित हुई थी। परीक्षा में नकल कराने के मामले में रुड़की और पौड़ी में दो मुकदमे दर्ज हुए थे। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपित नारसन के ओजस कोचिंग संचालक मुकेश सैनी समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया था। पौड़ी पुलिस भी इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
एसएसपी ने बताया कि एसपी स्वप्न किशोर ने पुलिस टीम के साथ मिलकर इस मामले में शामिल रहे रचित, संदीप, दिशांत निवासी खंजरपुर, रुड़की और राहुल निवासी डी. कॉलोनी आइआइटी रुड़की को गिरफ्तार किया है। आरोपित रचित भर्ती परीक्षा के समय बीएसएम इंटर कॉलेज में कक्ष निरीक्षक था। रचित ने परीक्षा शुरू होने से पहले गिरोह के साथी राहुल के मोबाइल पर प्रश्नपत्र का फोटो खींचकर उसे व्हॉट्सएप से मुख्य आरोपित मुकेश सैनी को भेजा था। गिरोह के सदस्यों ने प्रश्न पत्र को हल कर ब्लूटूथ डिवाइस और मोबाइल से अभ्यर्थियों को नकल कराई थी।
एसएसपी ने बताया कि रचित हरिद्वार के लालढांग स्थित कुंवर प्रभा डिग्री कॉलेज में कैमेस्ट्री की प्रयोगशाला में लैब सहायक के पद पर है। पकड़े गए आरोपित दीक्षांत और संदीप भी इस परीक्षा के अभ्यर्थी थे। इनके कब्जे से एक कार, मोबाइल और मोबाइल का बिल बरामद हुआ है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *