Share

परवेज जैदी गांधी
मुरादाबाद। दिल्ली रोड पर पाकबड़ा के निकट एक जाने माने होटल में शायर जिगर मुरादाबादी के तीन दिवसीय कार्यक्रम को लेकर एक प्रेस कांफ्रेंस का आयोजन लिट क्राफ्ट मीडिया प्रा0लि0 की ओर से किया गया था। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि बिग बाॅस फेम अरशी खान मौजूद रहीं। विलम्ब से प्रारम्भ हुई प्रेस वार्ता में बताया गया कि गजल सम्राट जिगर मुरादाबादी के जन्मदिवस के अवसर पर तीन दिवसीय जिगर साहित्यिक एवं सांस्कृतिक महोत्सव जिगर फेस्ट ‘‘मेरा पैगाम मुहब्बत है’’ के अन्तर्गत 6, 7 और 8 अप्रैल को राशिद नाॅलिज पार्क मेफेयर काॅलेज पंडित नगला बाईपास के प्रांगण में आयोजित किया जायेगा। इस कार्यक्रम में अखिल भारतीय मुशायरा जिसमें देश के नामी गिरामी शायर भी भाग लेंगे। और शामे गजल, बज्म-ए-कव्वाली, म्यूजिक नाईट, अंताक्षरी, वाद विवाद प्रतियोगिता के साथ-साथ सेमीनार का आयोजन भी किया जायेगा। प्रेस वार्ता में बताया गया कि इस अवसर पर एक स्मारक व एक पुस्तक जिगरनामा के नाम से भी प्रकाशित की जायेगी। जिगर फेस्टिवल का 6 अप्रैल को प्रातः 10 बजे उद्घाटन होगा और उसी दिन रात को 8 बजे अखिल भारतीय मुशायरा होगा। 7 अप्रैल को विश्व विख्यात सूफी गायक चांद कादरी अपने साज और आवाज के साथ जिगर साहब को खिराजे अकीदत पेश करेंगे। 8 अप्रैल को सूफी गायक राजा हसन व शीबा आलम अपनी आवाज का जादू शहर-ए-जिगर में प्रस्तुत करेंगे।
इस जिगर महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में फिल्म लेखक व शायर जावेद अख्तर फिल्म अभिनेत्री व गायिका सलमा आगा, केन्द्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी, फिल्म लेखक व निर्देशक रूमी जाफरी, मोनिका बेदी, अरशी खान, जारा व आगा खान जैसी हस्तियां कार्यक्रम की शोभा बढ़ायेगी। इस कार्यक्रम के आयोजक मुशाहिद हुसैन पाशा, नजर बिजनौरी व तन्वीर आलम है।
जिगर के शहर मुरादाबाद में उनके नाम से महोत्सव मनाया जा रहा है और इसलिए यह प्रेस वार्ता आयोजित की गयी थी। लेकिन चंद उर्दू के ठेकेदारों को शायद यह बर्दाश्त नहीं हुआ कि बिना उनकी पूछ के इतना बड़ा आयोजन कैसे हो रहा है। इसीलिए यह प्रेस वार्ता हंगामे की भेंट चढ़ गयी।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *