यूपी के फतेहपुर में खागा थाना क्षेत्र में एक महिला की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस टीमें सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं, ताकि कुछ क्लू मिल सके।
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में शुक्रवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई। खागा कोतवाली क्षेत्र के हाईवे किनारे स्कूरी मोड़ के पास एक खेत में पीली बोरी में अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ। शव पर मिले गंभीर चोटों के निशान और परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस हत्या के विभिन्न बिंदुओं पर जांच करना शुरू किया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और चर्चाओं का माहौल है। एसपी ने मौके पर पहुंच घटनास्थल का निरीक्षण किया और जिले में प्रवेश के सभी इंट्री पॉइन्ट पर लगे CCTV खंगालने के निर्देश दिए हैं।शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने हाईवे किनारे खेत में संदिग्ध अवस्था में पड़ी एक पीली बोरी देखी। नजदीक जाकर देखने पर उसमें महिला का शव मिला, जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर खागा कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षा घेरे में ले लिया।महिला की उम्र लगभग 35 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार महिला के शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। सिर पर किसी धारदार हथियार से हमला किए जाने के संकेत मिले हैं, जिससे उसकी मौत होने की आशंका जताई जा रही है। मृतका के पहनावे और अन्य परिस्थितियों को देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि वह किसी संपन्न परिवार से संबंधित हो सकती है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक स्वयं मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक टीम को जांच के निर्देश दिए। टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण नमूने और साक्ष्य एकत्र किए हैं। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला की हत्या कर शव को बोरी में भरकर हाईवे किनारे किसी दूसरे जनपद से लाकर शव फेंके जाने की आशंका है। पुलिस महिला की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है तथा आसपास के जिलों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों का भी मिलान किया जा रहा है।पुलिस की कई टीमें आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। अधिकारियों का मानना है कि शव को किसी वाहन से लाकर सुनसान स्थान पर फेंका गया हो सकता है। घटनास्थल के आसपास आने-जाने वाले वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।











