Share

एजेंसी न्यूज
अहमदाबाद। गुजरात विधानसभा चुनाव के आखिरी चरण की 93 सीटों पर सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान हुआ। चुनाव आयोग के मुताबिक, दूसरे चरण में 68.70 फीसद मतदान दर्ज किया गया है। मतदान खत्म होने के साथ ही 851 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई है।
मतदान के लिए कई राजनीतिक दिग्घ्गज भी कतार में लगे। इस क्रम में जहां साबरमती के राणिप बूथ पर वोट डालने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार किया वहीं अहमदाबाद जिले के जमालपुर खडिया में भाजपा के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी ने भी वोट डाला। वोट डालने के बाद पीएम ने वहां मौजूद लोगों से मुलाकात भी की। उन्होंने अपने बड़े भाई सोम मोदी के पैर छूकर आशीर्वाद भी लिया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। मतदान के बाद पीएम मोदी ने उंगली में लगी वोटिंग की स्याही भी लोगों को दिखाई। इसके बाद पीएम मोदी अपनी गाड़ी सवार होकर वहां से रवाना हो गए।
वहीं कांग्रेस के अशोक गहलोत ने पीएम का रोड शो करार देते हुए इसे आचार संहिता का उल्लंघन बताया है। उन्होंने कहा, ऐसा लग रहा है कि चुनाव आयोग पर प्रधानमंत्री का दबाव है। इससे पहले गुजरात के मुख्य निर्वाचन अधिकारी समेत पीएम मोदी की मां हीरा बेन, पूर्व मुख्यमंत्री आनंदी बेन पटेल, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, वित्त मंत्री अरुण जेटली, उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल और शंकर सिंह वाघेला ने मतदान किया।
गुजरात के मुख्य चुनाव अधिकारी बीबी स्वैन ने कहा, ‘पहले चरण की तुलना में दूसरे चरण के मतदान के दौरान इवीएम खराब होने के 50 फीसद से भी कम मामले सामने आए हैं। हमारा लक्ष्य है कि जल्द से जल्द खराब इवीएम को बदला जाए।‘ उन्होंने कहा, घाटलोडिया और मेहसाणा में पोलिंग बूथों पर ब्लूटूथ की मौजूदगी के बारे में दो शिकायतें मिली जिसके बाद हमने अपने पर्यवेक्षकों को मौके पर भेजा। बता दें कि भाजपा ने सभी 93, कांग्रेस ने 91, राकांपा 28, बसपा 75, आप 8, शिवसेना 17 और जदयू ने 14 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे। इसके अलावा, 350 निर्दलीय तथा गैर मान्यता प्राप्त दलों के 170 उम्मीदवारों ने भी चुनाव में हिस्सा लिया।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *