Share

कटिहार। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सत्ता से बाहर करने के लिए कांग्रेस के साथ मिलकर गुजरात विधानसभा चुनाव लड़ेगी। राकांपा महासचिव और कटिहार से सांसद तारिक अनवर ने कहा कि भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए राकांपा कांग्रेस के साथ मिलकर गुजरात चुनावों में चुनाव लड़ेगी। उन्होंने दावा किया कि गुजरात के लोग परिवर्तन चाहते हैं। वहां के लोगों का भाजपा से मोह भंग हो चुका है अब वे सत्ता परिवर्तन कर इस दल को हटाना चाहते है।
तारिक ने निर्वाचन आयोग द्वारा गुजरात चुनाव की तिथि अलग से जारी किए जाने पर सवाल उठाया और आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री चुनाव के पूर्व कुछ घोषणा करना चाहते थे इसीलिए आयोग द्वारा तारीख की घोषणा में विलंब किया गया। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुट वाले जदयू को चुनाव चिह्न ‘तीर’ मिल जाने के बारे पूछे जाने पर तारिक ने कहा कि इसका बहुत फायदा नीतीश कुमार को आने वाले विधानसभा या लोकसभा चुनाव में नहीं मिलने वाला है क्योंकि सही मामलों में जदयू शरद यादव के प्रयास का फल है। ‘तीर’ चुनाव चिह्न पर पहला हक शरद यादव जी का बनता है।
तारिक ने कहा कि जिन राज्यों में अब चुनाव होने वाले हैं उसमें पता चल जाएगा कि केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बारे में अब आम लोगों की क्या धारणा है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के पुत्र जय शाह की कंपनी की आमदनी अचानक बढ़ने के बारे में तारिक ने कहा कि इस मामले को लेकर संपूर्ण भाजपा का एक हो जाना दर्शाता है कि उन्हें बचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने पटना उच्च न्यायालय द्वारा बिहार नियोजित शिक्षकों को समान कार्य के लिए समान वेतन की वकालत किए जाने का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से अपील की कि वह अदालत के निर्णय का सम्मान करते हुए इसे लागू करें।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *