श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट के नए CEO जितेंद्र मिश्रा ने शिरडी पहुंचकर साईं बाबा के दर्शन किए और साईं संस्थान की व्यवस्थाओं का जायजा लिया ।
श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट के नए CEO जितेंद्र मिश्रा साईं बाबा के दर्शन के लिए शिरडी पहुंचे। उन्होंने साईं बाबा के दर्शन कर, साईं संस्थान की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साईं संस्थान की व्यवस्थाओं को करीब से समझने पहुंचे रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा ने कैश काउंटिंग से लेकर स्ट्रॉन्ग रूम तक का निरीक्षण किया।
अयोध्या श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नवनियुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा आज शिरडी पहुंचे। यहां उन्होंने अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ साईं बाबा संस्थान के विभिन्न विभागों का दौरा किया और संस्थान की प्रशासनिक एवं आर्थिक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
इस दौरान जितेंद्र मिश्रा ने संस्थान के कैश काउंटिंग विभाग, कैशियर विभाग और स्ट्रॉन्ग रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने दानराशि की गिनती, रिकॉर्ड रखने, आर्थिक लेनदेन और कीमती वस्तुओं की सुरक्षा के लिए अपनाई जाने वाली व्यवस्थाओं को समझा।शिरडी साईं बाबा संस्थान में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं और नकद, सोने-चांदी समेत विभिन्न स्वरूपों में दान देते हैं। ऐसे में दानराशि और कीमती वस्तुओं के प्रबंधन की व्यवस्था को लेकर जितेंद्र मिश्रा ने अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा भारतीय वायुसेना की पश्चिमी कमान के पूर्व प्रमुख रह चुके हैं। उन्हें श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का पहला मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। ऐसे में शिरडी साईं संस्थान की व्यवस्थाओं का उनका यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।जितेंद्र मिश्रा को अयोध्या के राम मंदिर ट्रस्ट का सीईओ बनाया गया था क्योंकि राम मंदिर के दान में चोरी का मामला सामने आया था, जिसने काफी तूल पकड़ा था।राम मंदिर ट्रस्ट का सीईओ बनने के बाद जितेंद्र मिश्रा ने कहा था, “मैं इसे अपना सौभाग्य मानता हूं कि इतने सारे उम्मीदवारों में से मुझे चुना गया। मैं इसे भगवान राम का आशीर्वाद भी मानता हूं कि एयर फोर्स में देश की 43 साल की सेवा के बाद, उन्होंने मुझे श्री राम मंदिर और श्री राम भक्तों की सेवा करने का मौका दिया है।”जितेंद्र मिश्रा ने कहा था, “मेरा प्रथम CEO के रूप में चयन हुआ है। मैं राम मंदिर के लिए अपनी टीम के माध्यम से जो भी उत्तम से उत्तम कार्य होगा, वो करने की कोशिश करूंगा। मैं भगवान राम से प्रार्थना करूंगा कि वो मुझे सामर्थ्य दें।”
