ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र के दयानतपुर गांव में सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। इस घटना में पिता और बेटे की मौत हो गई और बहू और पोता घायल हो गए।
ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र के दयानतपुर गांव में सोमवार (23 नवंबर) शाम एक घर में रखे गैस सिलेंडर में रिसाव के कारण सिलेंडर बलास्ट होने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में परिवार के दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए।
मृतकों की पहचान 56 वर्षीय वीरपाल और उनके बेटे 24 वर्षीय अभिषेक के रूप में हुई है। वहीं, अभिषेक की पत्नी काजल और उनका दो साल का बेटा आदित्य भी आग की चपेट में आकर झुलस गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आज शाम घर में रखे गैस सिलेंडर से गैस का रिसाव हुआ, जिसके बाद अचानक आग लग गई और सिलेंडर बलास्ट हो गया। आग की चपेट में आने से परिवार के चार लोग झुलस गए। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में घायलों को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने वीरपाल और अभिषेक को मृत घोषित कर दिया।सूचना मिलने पर जेवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। पुलिस के मुताबिक, काजल और आदित्य का चेहरा झुलसा है। दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। वही पुलिस ने दोनों मृतकों शवों का पंचायतनामा भरकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।इससे पहले यूपी के मुजफ्फरनगर में तीन मंजिला मकान में सिलेंडर ब्लास्ट हुआ था, जिसमें एक ही परिवार के 3 लोंगों की जिंदा जलकर मौत हो गई थी। ये घटना नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में स्थित पॉश कॉलोनी वसुंधरा रेजिडेंसी के एक फ्लैट में घटी थी। इस घटना में फ्लैट में भीषण आग लगी थी।मृतकों की पहचान 50 वर्षीय अमित गौड़, 45 वर्षीय नितिन और 65 वर्षीय सुशीला देवी के रूप में हुई थी। अगर आपके घर में सिलेंडर से खाना पकता है तो सावधानी बरतें। समय-समय पर जांच करवाते रहें कि कहीं लीकेज तो नहीं है। लोकल पाइप का इस्तेमाल न करें।
