उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय को अयोध्या के होटल में हाउस अरेस्ट कर लिया

5
Share

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय को अयोध्या के होटल में हाउस अरेस्ट कर लिया गया है। गौरतलब है कि राम मंदिर के चढ़ावे में चोरी का मामला सामने आने के बाद इस मुद्दे पर सियासत तेज हो चुकी है।
यूपी के अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावा मामले पर सियासत तेज हो गई है। विपक्षी पार्टियां इस मुद्दे को लेकर बीजेपी पर हमलावर रुख अपना रही हैं। इस बीच अयोध्या से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय को अयोध्या के होटल पदम श्री पैलेस में हाउस अरेस्ट कर लिया गया है।
हालही में ये खबर आई थी कि कांग्रेस का प्रतिनिधि मंडल 30 जून को अयोध्या जाएगा। प्रतिनिधि मंडल में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय और पार्टी के सांसद, विधायक, पूर्व सांसद और पूर्व MLC शामिल होंगे। इनमें प्रमुख रूप से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मंत्री अजय राय, सांसद किशोरी लाल शर्मा, सांसद तनुज पूनिया, सांसद राकेश राठौर, सांसद उज्ज्वल रमण सिंह, विधायक वीरेंद्र चौधरी, पूर्व सांसद ए.पी. गौतम एवं पूर्व MlC दीपक सिंह शामिल होंगे।यूपी कांग्रेस ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर बताया, “क्या यूपी में अब प्रभु श्रीराम के दर्शन करना भी अपराध हो गया है? कल यानी 30 जून को प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल का अयोध्या जाकर भगवान श्रीराम के दर्शन-पूजन का कार्यक्रम प्रस्तावित है। लेकिन इस यात्रा से डरी भाजपा सरकार ने कायरतापूर्ण हरकत शुरू कर दी है! अब से कुछ ही देर पहले प्रतापगढ़ के कांग्रेस जिलाध्यक्ष को पुलिस ने बिना कोई स्पष्ट कारण बताए हाउस अरेस्ट (नजरबंद) कर दिया है।”
यूपी कांग्रेस ने कहा, “भगवान श्रीराम किसी एक राजनीतिक दल या विचारधारा के नहीं, बल्कि पूरे देश की आस्था और संस्कृति के प्रतीक हैं। श्रद्धालुओं को अयोध्या जाने से रोकना असंवैधानिक है। उत्तर प्रदेश सरकार दमनकारी नीति बंद करे, नजरबंद किए गए कांग्रेस नेताओं को तत्काल मुक्त करे और बिना किसी बाधा के अयोध्या जाकर प्रभु श्रीराम के दर्शन करने की अनुमति दे।” अजय राय को ही अयोध्या में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करना है और उनको ही हाउस अरेस्ट कर लिया गया है। ऐसे में कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर सरकार पर हमलावर रवैया अपना सकती है।