सोमवार को बदायूं की सड़कें हुईं लाल, दो हादसों में छह की मौत उघैती में डंपर की टक्कर से टेंपो के उड़े परखच्चे, तीन की मौत और आठ घायल फैजगंज बेहटा में रोडवेज बस-बाइक की भिड़ंत में तीन युवकों ने मौके पर दम तोड़ा

4
Share

एजेंसी न्यूज
बदायूं। सोमवार का दिन जिले में सड़क हादसों के नाम रहा। उघैती और फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग हादसों में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। दोनों घटनाओं के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हादसों की जांच शुरू कर दी है।
उघैती थाना क्षेत्र में सहसवान रोड पर गोदी नगला और खितौरा गांव के बीच सवारियों से भरे टेंपो में पीछे से तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में रूपवती पत्नी पप्पू निवासी गाजीपुर, वसुंधरा एंक्लेव, मयूर विहार फेस-3, पूर्वी दिल्ली तथा ओमकार पुत्र रामचरण (47) और उनकी पत्नी शांति (45) निवासी धरैरा, उघैती की मौत हो गई। आठ लोग घायल हुए हैं। इनमें परवीन, साईदन, आबिद, पांच वर्षीय अयान, संजीता, मोहरकली और नजमा समेत अन्य शामिल हैं। पुलिस ने डंपर कब्जे में ले लिया है।
वहीं दूसरा हादसा फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में एमएफ हाईवे पर मुड़िया धुरेकी और सैंडौला गांव के आसपास हुआ। यहां रोडवेज बस और बाइक की भिड़ंत में बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसौली पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। मृतकों की अभी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी पहचान कराने के साथ हादसे के कारणों की जांच कर रही है।