लाहौर की वायु रक्षा प्रणाली तबाह: ऑपरेशन सिंदूर में भारत ने दिया संयमित और सटीक जवाब

140
Share

पाकिस्तान ने 7-8 मई की रात 16 भारतीय शहरों को बनाया निशाना, भारत की जवाबी कार्रवाई में कई रडार और मिसाइल सिस्टम तबाह, लाहौर में सबसे बड़ा नुकसान

नई दिल्ली।भारत ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि वह न तो उकसावे में आता है, और न ही चुप बैठता है जब देश की सुरक्षा पर हमला होता है। 7 मई की रात पाकिस्तान द्वारा किए गए ड्रोन और मिसाइल हमलों के जवाब में भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत बेहद संयमित, सटीक और पूरी तरह लक्षित सैन्य कार्रवाई की। इस कार्रवाई में लाहौर स्थित पाकिस्तान की एक प्रमुख वायु रक्षा प्रणाली को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।

गुरुवार को मीडिया को जानकारी देते हुए कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने बताया कि भारत की कार्रवाई पूरी तरह सुरक्षा खतरों पर केंद्रित थी और इसमें कोई भी उकसावे वाला तत्व नहीं था। भारत ने केवल उन ठिकानों को निशाना बनाया जहां से देश की सुरक्षा को वास्तविक खतरा था।

अधिकारियों के अनुसार, पाकिस्तान ने 7-8 मई की रात अवंतीपुरा, श्रीनगर, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, आदमपुर, बठिंडा, चंडीगढ़, नल, फलोदी, उत्तरलाई और भुज जैसे शहरों पर ड्रोन और मिसाइल हमलों की कोशिश की। लेकिन भारतीय वायु रक्षा प्रणाली और एकीकृत काउंटर-यूएएस ग्रिड ने इन सभी हमलों को विफल कर दिया।

इसके साथ ही पाकिस्तान ने कुपवाड़ा, बारामूला, उरी, पुंछ, मेंढर और राजौरी सेक्टरों में अकारण भारी गोलाबारी की, जिसमें तीन महिलाओं और पांच बच्चों सहित 16 निर्दोष नागरिकों की जान चली गई। भारतीय सेना ने इस गोलीबारी का भी उपयुक्त और संतुलित जवाब दिया।

भारत ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय को स्पष्ट संदेश दिया है कि वह केवल आत्मरक्षा में कार्रवाई करता है, और आतंकवाद या सैन्य आक्रामकता का मुंहतोड़ जवाब देना उसकी नीति का हिस्सा है।