Share

जालंधर. भारतीय हॉकी टीम ने एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए रविवार को मलयेशिया को 4-2 से हरा दिया। पांच बार की चैंपियन भारतीय टीम की इस जीत के हीरो कप्तान हरमनप्रीत सिंह रहे, जिन्होंने शानदार हैट्रिक लगाई। इसके साथ ही भारत ने टूर्नामेंट में लगातार चौथी जीत दर्ज की। भारत की ओर से कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने तीसरे, 33वें और 58वें मिनट में गोल किए। वहीं, सुखजीत सिंह ने 43वें मिनट में मैदानी गोल दागकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। मलयेशिया की ओर से अखिमुल्लाह अनुआर (25वें मिनट) और शेलो सिल्वरियस (60वें मिनट) ने गोल किए।

मैच की शुरुआत से ही भारतीय टीम आक्रामक नजर आई। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने तीसरे मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर को शानदार ड्रैग फ्लिक के जरिए गोल में बदलकर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने मलयेशिया के डिफेंस पर लगातार दबाव बनाया, लेकिन कई अच्छे मौकों के बावजूद गोल करने में सफल नहीं हो सके। दूसरे क्वार्टर में मलयेशिया ने वापसी की कोशिश की और लगातार पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए। हालांकि भारतीय डिफेंस ने इन हमलों को नाकाम कर दिया। 24वें मिनट में मलयेशिया को लगातार तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन भारतीय रक्षापंक्ति ने मजबूती से मुकाबला किया। हालांकि 25वें मिनट में अखिमुल्लाह अनुआर ने फील्ड गोल करके स्कोर 1-1 कर दिया। हाफ टाइम तक दोनों टीमें बराबरी पर थीं।

तीसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने आक्रामक खेल दिखाया। 33वें मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे हरमनप्रीत सिंह ने एक बार फिर शानदार ड्रैग फ्लिक से गोल में बदल दिया। इससे भारत ने 2-1 की बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद 43वें मिनट में सुखजीत सिंह ने मैदानी गोल करके भारत की बढ़त 3-1 कर दी। इस गोल की शुरुआत उपकप्तान हार्दिक सिंह ने की। उन्होंने मिडफील्ड में गेंद पर कब्जा जमाने के बाद सुखजीत को पास दिया, जिसे उन्होंने बेहतरीन टॉमहॉक शॉट के जरिए गोल में पहुंचा दिया।

मैच के अंतिम पलों में भारत को छठा पेनल्टी कॉर्नर मिला। हरमनप्रीत के गोल की ओर बढ़ते फ्लिक को मलयेशियाई डिफेंडर के शरीर से टकराने के कारण भारत को पेनल्टी स्ट्रोक मिला। 58वें मिनट में हरमनप्रीत ने इसे गोल में बदलकर अपनी हैट्रिक पूरी की और भारत को 4-1 से आगे कर दिया। मैच के अंतिम मिनट में मलयेशिया के शेलो सिल्वरियस ने मैदानी गोल करके स्कोर 4-2 कर दिया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। भारत ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।

By Admin