Share

नई दिल्ली. भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने हाइलो ओपन सुपर 500 टूर्नामेंट में पुरुष एकल का खिताब अपने नाम कर लिया। रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में लक्ष्य ने इंडोनेशिया के जोनाथन क्रिस्टी को सीधे गेम में 21-17, 21-10 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस जीत के साथ ही लक्ष्य ने भारत को टूर्नामेंट में दूसरा खिताब दिलाया। इससे पहले पीवी सिंधू ने महिला एकल का खिताब जीता था।

शुरुआत से ही बनाया दबाव
दुनिया के आठवें नंबर के खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने फाइनल में शुरुआत से ही दमदार खेल दिखाया। पहले गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन लक्ष्य ने अहम मौकों पर धैर्य बनाए रखते हुए 21-17 से गेम अपने नाम कर लिया। दूसरे गेम में भारतीय शटलर ने पूरी तरह दबदबा बनाया। लक्ष्य ने आक्रामक खेल और शानदार शॉट्स के दम पर क्रिस्टी को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। उन्होंने महज 10 अंक गंवाकर दूसरा गेम 21-10 से जीत लिया और खिताब पर कब्जा जमा लिया।

इस साल का पहला बीडब्ल्यूएफ खिताब
हाइलो ओपन में मिली इस जीत के साथ लक्ष्य सेन ने इस साल अपना पहला बीडब्ल्यूएफ खिताब जीता। फाइनल में उनका प्रदर्शन खास तौर पर दूसरे गेम में शानदार रहा, जहां उन्होंने एकतरफा अंदाज में मुकाबला अपने नाम किया।

भारत को मिला दोहरा खिताबी तोहफा
हाइलो ओपन में भारत के लिए रविवार का दिन यादगार रहा। पीवी सिंधू ने महिला एकल के फाइनल में डेनमार्क की लाइन होजमार्क कजर्सफेल्ट को 21-12, 21-14 से हराकर खिताब जीता। इसके बाद लक्ष्य सेन ने पुरुष एकल का फाइनल जीतकर भारत की झोली में दूसरा खिताब डाल दिया। इस तरह भारतीय खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट में दोनों एकल वर्गों के खिताब अपने नाम किए।
अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करें

By Admin