Share

घोसी विधानसभा सीट पर उपचुनाव से पहले कांग्रेस का बड़ा एलान, अजय राय ने जारी किया बयान
उत्तर प्रदेश की घोसी विधानसभा सीट पर 5 सितंबर को होने जा रहे विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार के समर्थन का एलान किया है।घोसी उपचुनावों में कांग्रेस अपना उम्मीदवार नहीं उतारेगी।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की घोसी विधानसभा सीट पर होने जा रहे उपचुनाव को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कांग्रेस ने इस सीट पर अपना प्रत्याशी नहीं उतारने का फैसला किया है। पार्टी ने यह भी कहा है कि वह घोसी विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार का समर्थन करेगी। बता दें कि घोसी विधानसभा सीट पर होने जा रहे उपचुनाव में बीजेपी ने जहां पूर्व मंत्री दारा सिंह चौहान को मैदान में उतारा है तो वहीं समाजवादी पार्टी की तरफ से सुधाकर सिंह ताल ठोक रहे हैं।
सपा छोड़कर बीजेपी में आए दारा सिंह चौहान
बता दें कि दारा सिंह चौहान 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार के वन मंत्री से इस्तीफा देकर सपा में शामिल हुए थे और घोसी विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के चुनाव चिह्न पर विधायक चुने गए थे। पिछले महीने चौहान ने विधानसभा सदस्यता और सपा से इस्तीफा दे दिया और बीजेपी में शामिल हो गए। पिछड़ा वर्ग से आने वाले प्रमुख नेता दारा सिंह चौहान के इस्तीफे से खाली हुई मऊ जिले की घोसी विधानसभा सीट पर 5 सितंबर को मतदान होगा जबकि वोटों की गिनती 8 सितंबर को होगी।पहले भी विधायक रह चुके हैं सुधाकर सिंह
समाजवादी पार्टी ने इस सीट से पूर्व विधायक सुधाकर सिंह को उम्मीदवार घोषित किया है। बता दें कि सुधाकर सिंह 2012 से 2017 तक घोसी सीट से सपा के विधायक रहे जबकि इसके पहले वह मऊ जिले की नत्थुपुर (अब मधुबन) सीट का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। सुधाकर को घोसी में 2017 में बीजेपी के फागू चौहान ने हरा दिया था। फागू को राज्यपाल बनाये जाने के बाद 2019 में हुए उपचुनाव में सपा उम्मीदवार रहे सुधाकर को बीजेपी के विजय राजभर ने हरा दिया था। दारा सिंह चौहान के 2022 के चुनाव में सपा में जाने की वजह से सुधाकर सिंह को पार्टी ने चुनाव नहीं लड़ाया था।I.N.D.I.A. में सहयोगी हैं सपा और कांग्रेस
बता दें कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी हाल ही में बने विपक्ष के गठबंधन I.N.D.I.A. में अहम सहयोगी हैं। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष अजय राय ने इस बारे में बयान जारी करते हुए कहा कि गठबंधन में साथ होने की वजह से पार्टी ने घोसी सीट पर प्रत्याशी नहीं उतारने का फैसला किया है। उन्होंने साथ ही कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से कहा है कि वे इस सीट पर समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार का सहयोग करें। (रिपोर्ट: अश्विनी त्रिपाठी)

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *