Share

हुकूमत एक्सप्रेस
मुरादाबाद, 10 फरवरी यानि कल राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर जिले के 16.6 लाख बच्चों को पेट से कीड़े निकालने की दवा खिलाई जाएगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से दवाई खिलाए जाने को लेकर प्रशिक्षण दिया जा चुका है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एमसी गर्ग ने सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा है कि वह अपने बच्चों को दवा खिलवाने में स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करें।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ प्रवीण श्रीवास्तव ने बताया कि जिले के 16 लाख 63 हजार 896 बच्चों को यह दवा खिलाई जानी है। यह दवाई सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालय, निजी स्कूल, केंद्रीय विद्यालय, मदरसे, बाल सुधार गृह व आंगनबाड़ी केंद्रों पर 1 से लेकर 19 साल तक के बच्चों व किशोर-किशोरियों को खिलायी जाएगी। डांग स्थित कंपोजिट विद्यालय में सीएमओ डा. एमसी गर्ग कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। एक से दो साल तक के बच्चो को आधी दवाई खिलाई जाएगी। इसे चूरा करके पानी में मिलाकर बच्चों को देना है। दो से तीन साल तक के बच्चों को पूरी दवाई चूरा करने के बाद पानी में मिलाकर देनी है। तीन से 19 साल तक के बच्चे व किशोरों को दवा चबा कर खानी है। इस बात का विशेष ध्यान रखना है कि बच्चे को घर पर खाने के लिए दवा न दें।
उन्होंने बताया कि जो बच्चे बीमार हैं या कोई और दवाई ले रहे हैं, उन्हें यह दवाई नहीं खिलाई जाएगी। शिक्षक बच्चों को दवाई देने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि वह कोई अन्य दवाई तो नहीं ले रहे हैं। अगर किसी बच्चे में दवाई खाने के बाद जी मिचलाना या उल्टी, दस्त के लक्षण प्रतीत होते है तो उसे खुली व छायादार जगह में लिटाकर आराम कराएं। उसे पीने का साफ पानी दें और अपनी निगरानी में रखें। किसी भी चिकित्सीय सहायता के लिए 104 टोल फ्री नंबर पर कॉल कर सकते हैं। किसी भी प्रतिकूल अवस्था में एंबुलेंस की सहायता के लिए 108 नंबर पर कॉल करके बुला सकते हैं। जिससे तुरंत चिकित्सक मदद मिल सके।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *