Share

मुरादाबाद. मुरादाबाद में हनुमान जन्मोत्सव को लेकर बजरंग दल व विहिप(विश्व हिंदू परिषद) की ओर से रविवार को निकाली जा रही भगवा यात्रा के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया। डीजे की आवाज तेज बताते हुए कुछ लोगों ने आपत्ति की। जिस पर कोतवाली के करीब दो पक्ष आमने-सामने आ गए। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत करा दिया। इस बीच यात्रा पर पथराव की अफवाह फैलने से टाउन हॉल के आसपास का बाजार बंद हो गया। दूसरी ओर यात्रा आगे बढ़ती रही।
घटना रविवार शाम करीब साढ़े सात बजे की है। भगवा यात्रा की शुरुआत बुध बाजार स्थित एसएसके इंटर कॉलेज से हुई। जिस समय यात्रा कोतवाली के पास गुजर रही थी, तभी कुछ लोगों ने यात्रा में बज रहे डीजे की आवाज तेज बताते हुए आपत्ति जताई। जानकारी के अनुसार इस दौरान कुछ लोग कोतवाली के सामने की गली में घुसकर वहां रहने वालों को भला-बुरा कहने लगे, इससे दूसरे पक्ष के लोग घरों से निकल आए। यात्रा में शामिल लोगों से उनकी नोकझोंक हो गई।
पथराव की अफवाह फैलने से आनन-फानन दुकानें बंद होने लगी। मौके पर पहुंचे एसपी सिटी ने पथराव की बात से इनकार किया है। उनका कहना है कि डीजे की तेज आवाज पर कुछ लोगों को आपत्ति थी। दोनों पक्ष के लोगों को समझाकर शांत कर दिया गया है। इस बीच यात्रा अपने तय रास्ते पर आगे बढ़ती रही। दुकानें बंद करने वाले व्यापारियों को भी समझाया गया है कि अफवाहों पर ध्यान न दें।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *