Share

रुड़की। विवाह समारोह के दौरान डीजे पर गाना बजाने को लेकर दूल्हा-दुल्हन पक्ष के बीच मारपीट हो गई। दोनों पक्षों के कुछ युवकों में जमकर लात-घूंसे चले। रिश्तेदारों ने दोनों पक्षों में जैसे-तैसे बीच बचाव कराया। इसी बीच पुलिस मौके पर पहुंच गई। कोतवाली पहुंचकर दोनों पक्षों के युवकों ने एक दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाया। हालांकि, रिश्तेदार दोनों पक्षों में समझौता कराने की कोशिश कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि मारपीट में छह-सात युवकों को चोटें आई है।
दरअसल, गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी युवती की शादी थी। समारोह में खाना-पीना हो रहा था। साथ ही एक अलग स्टेज बनाकर डीजे लगाया गया हुआ था, जिसकी धुन पर बाराती नाच रहे थे। डीजे पर एक गाना लगाए जाने को लेकर दुल्हन के रिश्ते के भाई और बारात में आए एक युवक के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई। आरोप है कि बारात में आए युवक ने दुल्हन के भाई के मुंह पर थप्पड़ मार दिया। इसके बाद दोनों में मारपीट शुरू हो गई। मारपीट होती देख दूल्हा और दुल्हन पक्ष के अन्य युवक भी आपस में भिड़ गए। करीब 15 मिनट तक दोनों पक्षों में मारपीट होती रही। दोनों पक्षों के बड़े बुजुर्ग लोगों ने दोनों पक्षों को शांत कराया।
इसी दौरान गंगनहर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। दोनों पक्षों को कोतवाली लाया गया। जिसपर उन्होंने एक- दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाया। दोनों पक्षों के रिश्तेदार मामले में समझौता कराने के प्रयास में जुटे हैं। गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश साह ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौते की कोशिश की जा रही है। अगर कोई तहरीर आती है तो कार्रवाई की जाएगी।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *