Share

एजेंसी न्यूज
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में दर्दनाक हादसा हुआ है। किराड़ी इलाके में तीन मंजिला इमारत में आग लग गई। जिससे दम घुटने से छह माह की बच्ची समेत नौ लोगों की मौत हो गई है। आग लगने की वजह का खुलासा नहीं हुआ है। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, बीती रात करीब 12ः30 बजे दिल्ली के किराड़ी इलाके में तीन मंजिला इमारत में आग लग गई। आग मकान के ग्राउंड फ्लोर पर बने कपड़े के गोदाम में लगी थी। जो बढ़ते-बढ़ते तीसरी मंजिल तक पहुंच गई। आग की चपेट में आने से बच्चों और महिलाओं समेत एक ही परिवार के करीब 9 लोगों की मौत हो गई। आग लगने की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। जानकारी मिली है कि आग लगने के कारण घर में रखा गैस सिलेंडर भी ब्लास्ट हो गया।
दमकल की सात गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। जिस वक्त यह आग लगी घर में बच्चों और महिलाओं समेत करीब 12 लोग मौजूद थे। जिन्हें तुरंत घर से निकालकर नजदीक के अस्पतालों में पहुंचाया गया।
फिलहाल 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों की पहचान रामचंद्र झा(65), सुदरिया देवी(58), संजू झा(36), उदय चैधरी(33) उनकी पत्नी मुस्कान(26), उनके बच्चे अंजलि(10), आदर्श(सात) और तुलसी(6 महीने) के रूप में हुई है। जबकि एक महिला की पहचान होना अभी बाकी है। वहीं, पूजा(24), आराध्या(तीन) और सौम्या(10) की हालत गंभीर बनी हुई है। इससे पहले इसी महीने में दिल्ली की अनाज मंडी इलाके में भीषण आग लग गई थी जिसमें 44 लोगों की मौत हो गई थी। अनाज मंडी अग्निकांड में दिल्ली पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला कि दूसरी मंजिल पर लगे बिजली के सब-मीटर में आग लगी थी। आग लगने के दौरान जोरदार धमाका हुआ था और फिर आग आसपास फैल गई।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *