Share

कुशीनगर में भयानक हादसा, सोते समय घर में लगी आग, एक महिला और 5 बच्चे जिंदा जले; राख में बदल गई लाशें कुशीनगर में आधी रात को पूरा परिवार घर में गहरी नींद में सो रहा था, उसी समय रहस्यमय तरीके से घर में आग लग गई। इस दौरान आग की लपटें इतनी तेज हो गईं कि परिवार बाहर निकल नहीं सका। घटना के समय घर के अंदर एक महिला और 5 बच्चे थे।
कुशीनगर में रहस्यमय स्थितियों में एक घर में आग लगने से परिवार के 6 लोग जिंदा जले (प्रतिकात्मक तस्वीर)
कुशीनगर: यूपी के कुशीनगर जिले में बुधवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। यहां रहस्यमय स्थितियों में एक घर में आग लग गई जिसमें एक ही परिवार के 6 लोग जलकर खाक हो गए। मरने वालों में एक महिला और 5 बच्चे शामिल हैं। आधी रात को हुई घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। दर्दनाक हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित कई अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। एक ही परिवार के छह लोगों की मौत के बाद इलाके में मातम पसर गया है। घर में आग कैसे लगी, पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है।
घटना कुशीनगर जिले के रामकोला थाने के उर्दहा बापू नगर की है। बताया जा रहा है कि रात करीब 12 बजे यह हादसा हुआ। पूरा परिवार घर में सो रहा था, उसी समय रहस्यमय तरीके से घर में आग लग गई। इस दौरान आग की लपटें इतनी तेज हो गईं कि परिवार बाहर निकल नहीं सका। आग से घिरी 38 वर्षीय संगीता, उसके बच्चे 10 वर्षीय अंकित, 9 वर्षीय लक्ष्मीना, 3 वर्षीय रीता, 2 वर्षीय गीता और एक वर्षीय बाबू की जलकर मौत हो गई।
आनन-फानन में लोगों ने घटना की जानकारी फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और स्थानीय थाने की फोर्स मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने आग बुझाने के बाद घर के अंदर जांच-पड़ताल की तो टीम को वहां पर छह शव जली अवस्था में मिले। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।अभी तक जो जानकारी मिल रही है, उसके मुताबिक आग अज्ञात कारणों से लगी है। आपसी रंजिश में आग लगाने की बात सामने नहीं आई है। परिवार ने भी किसी पर आरोप नहीं लगाया है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *