Share

हरिद्वार। नकली दवा फैक्ट्री मामले में पुलिस ने लंबी जद्दोजहद के बाद मंगलवार को मुकदमा दर्ज कर लिया है। मुकदमे में भाजपा जिला उपाध्यक्ष के भाई समेत तीन को नामजद किया गया है। फैक्ट्री से नामी कंपनियों के नाम पर बनी 26 पेटी दवाएं और केमिकल के कट्टे जब्त किए गए हैं। वहीं, दूसरी ओर सोमवार देर रात भगवानपुर क्षेत्र के रायपुर स्थित एक निर्माणाधीन फैक्ट्री पर भी टीम ने छापा मारा। यहां दवाओं की पैकिंग करने वाली तीन मशीनें लगी हुई थी। तीनों मशीनों को सील कर दिया गया है। यह निर्माणाधीन फैक्ट्री भी चुड़ियाला में पकड़ी फैक्ट्री की ही शाखा है।
औषधि नियंत्रण विभाग की टीम ने शाम को ड्रग इंस्पेक्टर मानवेंद्र सिंह राणा के नेतृत्व में भगवानपुर क्षेत्र के चुड़ियाला में नकली दवा बनाने वाली एक फैक्ट्री पर छापा मारा था। नकली दवा बनाने की फैक्ट्री भाजपा के जिला उपाध्यक्ष अमन त्यागी के भाई पराग त्यागी निवासी चुड़ियाला की है। पराग त्यागी के साथ दिनेश चंद्रा निवासी उसायनी, फिरोजाबाद और बहादर हयात निवासी लिंक रोड, खान आलमपुरा, सहारनपुर भी उसके साझीदार हैं। छानबीन के दौरान टीम को पता चला कि भगवानपुर क्षेत्र के रायपुर औद्योगिक क्षेत्र में भी इस फैक्ट्री की एक शाखा संचालित हैं।
ड्रग इंस्पेक्टर मानवेंद्र सिंह राणा ने बताया कि रायपुर स्थित फैक्ट्री पर छापा मारा गया। यह फैक्ट्री निर्माणाधीन है। इस फैक्ट्री में उन्हें तीन मशीनें मिली हैं। जिसमें पैकिंग और बिलिस्टर मशीन लगी थी। इन मशीनों से दवाओं की पैकिंग की जाती है। उन्होंने बताया कि इस फैक्ट्री पर कोई नाम नहीं लिखा था। केवल मशीनें लगी हैं। इन मशीनों को सील कर दिया गया है।
ड्रग इंस्पेक्टर मानवेंद्र सिंह राणा ने बताया कि नकली दवा बनाने के मामले में पराग त्यागी, दिनेश चंद्रा और बहादर हयात के खिलाफ उनकी ओर से भगवानपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। मामले की पड़ताल अभी जारी है। कई और नाम सामने आ सकते हैं।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *