Share

रुड़की। फैक्ट्री में मशीन लगाने के नाम पर बैंक से ली करीब 96 लाख की रकम फैक्ट्री के दो साझेदारों ने हजम कर ली। इस मामले में बैंक अधिकारी ने महिला समेत दो लोगों पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
भगवानुपर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर भैंसवाल गांव में एक ग्लास फैक्ट्री है। इस ग्लास फैक्ट्री के दो साझेदार हैं। इसमें एक साझेदार दिल्ली निवासी नूतन चंद्रा और दूसरे हरिद्वार निवासी सौरभ गौड़ है। दोनों ने पिछले साल ग्लास फैक्ट्री में मशीन लगाने के लिए रुड़की के बीटी गंज स्थित पीएनबी बैंक में लोन के लिए आवेदन किया था। इसके लिए इनकी तरफ से कोटेशन भी दी गई थी।
18 जून 2019 में कंपनी को बैंक की तरफ से 95 लाख 89 हजार दो सौ पचास रुपये का लोन स्वीकृत किया गया। खाते से मशीन की खरीद के लिए 12 लाख रुपये की लिमिट रखी गई। आरोप है कि दोनों साझेदारों ने बैंक खाते से पूरी रकम निकाल ली, लेकिन फैक्ट्री के लिए मशीनों की खरीदारी नहीं की।
हाल ही में बैंक के अधिकारी जब फैक्ट्री का निरीक्षक करने पहुंचे तो वहां पर मशीन नहीं मिली। इस पर बैंक अधिकारियों ने छानबीन की। आरोप है कि बैंक को मशीन खरीदने के लिए जो कोटेशन दी गई थी वह भी फर्जी निकली। इस मामले में पंजाब नेशनल बैंक बीएचईएल रानीपुर, हरिद्वार के शाखा प्रबंधक हरीश गुप्ता ने गंगनहर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश साह ने बताया कि इस मामले में सौरभ गौड़ और नूतन चंद्रा पर मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *