Share

नैनीताल। जिला न्यायालय के जज की ओर से नैनीताल में वकालत करने वाले एक वरिष्ठ वकील के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि एक केस की सुनवाई के दौरान वकील की ओर से न्यायाधीश के साथ अभद्रता करने के साथ ही जान से मारने की धमकी देने का आरोप है ।
जिला न्यायालय के द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश (एडीजेे) राकेश कुमार सिंह की ओर से तल्लीताल थाने में तहरीर दी गई है। इसमें कहा गया है कि मंगलवार को एक मामले की सुनवाई के दौरान जिला कोर्ट के अधिवक्ता भूदेव शर्मा ने न्यायालय के न्यायिक कार्य में बाधा डालने का प्रयास किया। इसका विरोध किए जाने पर न्यायाधीश के साथ अभद्रता भी की गई। यही नहीं इस दौरान अधिवक्ता ने जस्टिस को जान से मारने की धमकी दे डाली। न्यायालय परिसर की इस घटना के बाद न्यायाधीश की ओर से तल्लीताल थाने में शिकायती पत्र दिया गया।
पुलिस ने आरोपी अधिवक्ता भूदेव शर्मा के खिलाफ आईपीसी की धारा 228, 504 तथा 506 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में एसआई दिलीप कुमार जांच कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार आरोपित अधिवक्ता के खिलाफ इससे पूर्व भी हल्द्वानी कोतवाली में आईपीसी की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज था। जिसमें आरोप था कि एक केस की सुनवाई के दौरान उन्होंने अपने मुवक्किल के साथ मारपीट कर दी। पुलिस ने इस प्रकरण में आरोप पत्र न्यायालय में पेश किया। हालांकि संबंधित मामला कोर्ट में विचाराधीन है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *