हरिद्वार में मालिक बनकर मकान बेचने वाला किरायेदार हुआ गिरफ्तार

193
Share

रुड़की। नगर निगम कर्मचारी से मिलीभगत कर मकान को अपने नाम कराने वाले किरायेदार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस नगर निगम कर्मचारी को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। मामले में अभी कुछ और गिरफ्तारियां होनी है। निगम के एक और कर्मचारी पर भी गिरफ्तारी की तलवार लटकी है।
हरिद्वार जिले में रुड़की के मोहल्ला कानूनगो में किराये पर रह रहे सुरेश कुमार गुप्ता ने नगर निगम के कर्मचारी के साथ मिलीभगत कर मकान को अपने नाम करा दिया था। कर्मचारी ने गृहकर रजिस्टर से मकान स्वामी कलावती का नाम काटकर किरायेदार सुरेश कुमार गुप्ता का नाम चढ़ा दिया था। यही नहीं कलावती का एक फर्जी मृत्यु प्रमाण-पत्र भी बनवाया गया था।
नगर निगम के जन्ममृत्यु अनुभाग से इस प्रमाण-पत्र को जारी किया गया था। कलावती की मृत्यु 1975 में हुई थी, जबकि नगर निगम कर्मचारी ने 1971 में उनकी मृत्यु होना दर्शाकर मृत्यु प्रमाण-पत्र जारी कर दिया। किरायेदार सुरेश कुमार गुप्ता निगम कर्मचारी की हेरीफेरी की मदद से मकान स्वामी बन गया। साथ ही उसने निगम कर्मचारी और भूमाफियाओं की मदद से मकान को बेच भी दिया।
कोतवाली रुड़की प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर रहे एसआई बारु सिंह चैहान ने मंगलवार को आरोपित किरायेदार सुरेश कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित का चालान कर उसे जेल भेज दिया गया है। इस मामले में नगर निगम कर्मचारी शिवकुमार कश्यप को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले की जांच के दौरान कुछ और नाम सामने आए हैं। उनकी भी गिरफ्तारी की तैयारी हो रही है। नगर निगम के भी कुछ और कर्मचारियों की भूमिका की जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY