Share

एजेंसी न्यूज
चित्रकूट। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि 15 साल तक सपा बसपा व कांग्रेस ने चित्रकूट की पवित्र भूमि को दस्यु भूमि बना दिया। विकास के पैसे डकैती में जाते रहे और डकैतों के रूप में लूटा जाता रहा है। डकैती डालने वालों पर अब कार्रवाई हो रही है। चित्रकूट का पूर्ण दस्युमुक्त हो जाना बड़ा काम है, अब रोजगार मिलेगा और पर्यटन बढ़ेगा। अब युवा पलायन नहीं करेंगे बल्कि डिफेंस कॉरिडोर में फाइटर प्लेन बनने पर बुंदेले दुश्मन देशों के छक्के भी छुड़ाएंगे। फाइटर प्लेन सीमा की रक्षा करेगा, जिसपर चित्रकूट लिखा रहेगा। डिफेंस कॉरिडोर से देश सेवा के साथ युवा माता पिता की सेवा भी करेंगे। वह मंगलवार की दोपहर मानिकपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव को लेकर मऊ कस्बे में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
कड़ी सुरक्षा के बीच मऊ कस्बा स्थित लालता रोड चैराहा के पास आयोजित जनसभा स्थल पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पहुंचते ही नेताओं ने स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने भारत माता की जय व वंदे मातरम के साथ संबोधन शुरुआत करते हुए कहा कि पिछले महीने मैं चित्रकूट आया था। मूसलाधार बारिश के बावजूद लोगों में अपार उत्साह था, जिसने हमे खासा प्रेरित किया। चित्रकूट में प्रभु राम ने वनवासी जीवन का 12 वर्ष समय बिताया, यह पावन तीर्थ है और यहां की रज कण कण वंदनीय है। कहा, भगवान राम की धरती महत्वपूर्ण है, देश दुनिया का कामदगिरि चित्रकूट के प्रति श्रद्धाभाव है। इसलिए यहां का विकास रामायण सर्किट, डिफेंस कॉरिडोर, स्वदेश दर्शन के रूप में पीएम मोदी लगातार कर रहे हैं। लालापुर महर्षि वाल्मीकि धाम, चित्रकूटधाम का विकास करने के लिए बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे से पांच घंटे में दिल्ली पहुंचने का इंतजाम किया गया है। नौ हजार करोड़ से हर घर को पानी देने की तैयारी है। निराश्रित गोवंश स्थल के लिए आश्रय केंद्र बना रहे हैं।
प्रत्येक किसान को नौ सौ रुपये देंगे और अन्ना प्रथा समाप्त होगी। किसान की फसल को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा और गो संवर्धन व संरक्षण करेंगे। भाजपा ने जो कहा था वो करके दिखाया है। हवाई पट्टी का काम चल रहा है, तब आधा घंटे में दिल्ली मिलेगा।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *