मु0 रिज़वान
मुरादाबाद। प्रदेश के जनपद मऊ में गैस सिलेंडर फटने से सोमवार को बड़ा हादसा हुआ। इस हादसे में जिस मकान में गैस सिलेंडर फटा वह तो ध्वस्त हुआ ही साथ ही आसपास के दो मकान भी चपेट में आ गये। जरा सी लापरवाही बड़ा दुर्घटना का कारण बन गयी। इस हादसे में करीब दर्जन भर लोगों की मौत हो गयी और इतने ही घायल है। बताते हैं कि इस हादसे में होम डिलीवरी के समय सिलेंडर लीकेज था और घरवालों ने ध्यान नहीं दिया। सिलेंडर आॅन करते ही यह हादसा हुआ।
अपने शहर में भी लगभग हर घर में गैस सिलेंडर है। अधिकांश लोग गैस सिलेंडर लेते समय सावधानी नहीं बरतते और नतीजा यह होता है कि मऊ जैसे हादसे होते हे। अधिकांश घरों में गैस सिलेंडर को लेकर जरा भी सावधानी नहीं बरती जाती। लोग पुराने लूज रेगुलेटर और डैमेज पाईप को ही इस्तेमाल करते रहते है। इस कारण मऊ जैसे हादसे होते है। ध्यान रखना चाहिये कि होम डिलीवरी के समय जरूर चेक कर लें कि सिलेंडर लीकेज तो नहीं है अगर ऐसा हो तो उसे तुरंत वापस करें। परन्तु जागरूकता न होने के कारण लोग इन बातों पर ध्यान नहीं देते और इसका परिणाम काफी घातक सामने आता है जैसा कि सोमवार को मऊ में हुआ। जानकारों के मुताबिक समय-समय पर रेगुलेटर व पाईप को चेक करते रहना चाहिये कि उसमें कहीं कोई खराबी तो नहीं आ गयी है। सिलेंडर को गैस चूल्हे से दूरी पर रखें, गैस लीकेज होने पर तुरन्त रेगुलेटर बंद कर दें या फिर उसे निकाल दें और बच्चों की पहुंच से हमेशा गैस सिलेंडर को दूर रखे। काम करने के बाद रेगुलेटर का स्विच बंद कर दें। याद रखिये थोड़ी सी सावधानी ही आने वाली दुर्घटनाओं को टाल सकती है।











