Share

हुकूमत एक्सप्रेस
रामपुर। उत्तर प्रदेश में एक बार फिर से पटाखा बनाते समय भीषण विस्फोट हुआ है। विस्फोट में एक की मौत हो गई है। रामपुर के स्वार में यह हादसा हुआ है। एक आतिशबाज के घर में बुधवार दोपहर जोरदार धमाका हुआ। उसके घर की छत उड़ गई। इस हादसे में आतिशबाज के बेटे की जान भी चली गई। घर में मौजूद अन्य लोगों ने जैसे तैसे भाग कर जान बचाई।
घटना की जानकारी मिलते ही आईजी रमित शर्मा, एसपी शिवहरि मीना सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। आईजी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। बुधवार दोपहर लगभग 1.30 बजे मोहल्ला चक स्वार में अचानक आतिशबाज शमीम उर्फ बुंदू के घर तेज धमाका हुआ। इससे मकान की छत उड़ गई। आसपास के मकानों को भी भारी नुकसान पहुंचा। धमाके की आवास सुनकर लोग घरों से बाहर निकल आए।
इस दौरान आतिशबाज के घर में लगी आग की वजह से और भी धमाके होते रहे। गंभीर आग और धमाके को देखते हुए कोई भी मकान के आसपास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। सूचना के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने कई घंटों की मशक्कत के बाद जैसे तैसे आग को नियंत्रित किया।
इसके बाद लोग जब क्षतिग्रस्त घर के भीतर गए तो मौके पर आतिशबाज के बेटे शहनावाज (24) का क्षत विक्षत शव मिला। पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजवा दिया। घटना की जानकारी मिलने पर आईजी रमित शर्मा, एसपी शिवहरि मीना, एएसपी अरुण कुमार सिंह, एडीएम उमेशचंद्र मंगला, सीओ स्वार राहुल कुमार, एसडीएम लालता प्रसाद शाक्य, बिलासपुर की सीओ सलोनी अग्रवाल, स्वार कोतवाल इंद्रेश कुमार सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
आईजी रमित कुमार शर्मा ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि इस बात की जांच होनी चाहिए कि आतिशबाज घर में पटाखे क्यों बना रहा था। उधर, पुलिस क्षेत्राधिकारी राहुल कुमार ने पुष्टि की है कि आतिशबाजी बनाते समय हादसा हुआ है, जिसमें युवक की जान चली गई। इस पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *