Share

एजेंसी न्यूज
लखनऊ। आयकर विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के सात जिलों में पूर्व चिकित्सा शिक्षा महानिदेशक (डीजीएमई) के आवास, अस्पताल समेत अन्य डॉक्टरों के 27 प्रतिष्ठानों पर छापे मारे। छापों में आयकर टीम को भारी मात्रा में अघोषित नकदी और निवेश की भी जानकारियां मिलीं हैं। आयकर अधिकारियों को ज्यादातर स्थानों पर कागजातों में गड़बड़ी मिली। पहली बार एक साथ एक साथ इतने डाक्टरों पर आयकर छापे की कार्रवाई की गई है। आयकर विभाग ने गुरुवार सुबह आठ बजे एक साथ मुरादाबाद, कानपुर, लखनऊ, नोएडा, हापुड़, मेरठ, गाजियाबाद में 27 स्थानों पर छापे मारे। ये सभी छापे चर्चित चिकित्सकों के यहां मारे गए।
प्रदेश के पूर्व डीजीएमई के कानपुर में कल्याणपुर स्थित घर व अस्पताल में आयकर विभाग ने छापा मारा। साथ ही आवास विकास केशवपुरम में रहने वाले उनके अकाउंटेंट के घर पर भी आयकर टीम ने छापा मारा। कानपुर में तीन स्थानों के अलावा पूर्व डीजीएमई के लखनऊ स्थित चार ठिकानों पर छापे मारे गए। उनके घर के साथ शाहमीना रोड स्थित प्लास्टिक सर्जरी से जुड़े अस्पताल, आइआइएम रोड स्थित एक आयुर्वेदिक संस्थान व मुताकीरपुरम स्थित एक फार्मेसी में छापा मारा। पूर्व डीजीएमई की बेटी व बेटा भी डाक्टर है।
लखनऊ में ही आयकर विभाग ने स्किन स्पेशियलिस्ट डॉक्टर के दुबग्गा रोड स्थित 300 बेड के अस्पताल पर छापा मारा। वह ट्रस्ट के नाम पर अस्पताल चलाते हैं। उनके चैक, रायबरेली रोड व अलीगंज में डायग्नोस्टिक सेंटर पर भी छापे मारे गए। त्वचा रोग विशेषज्ञ इस डाक्टर के शास्त्री नगर स्थित घर पर भी आयकर टीम ने छापा मारा। अधिकारियों के मुताबिक नोटबंदी के दौरान इन्होंने 25 करोड़ रुपये से ज्यादा कैश जमा किया था और इनका बेटा भी डाक्टर है।
मुरादाबाद में बाल रोग विशेषज्ञ डॉक्टर के घर व अस्पताल पर छापा मारा गया। उनकी पत्नी पैथोलाजिस्ट हैं, जो अस्पताल में ही पैथोलाजी संचालित करती हैं।
मेरठ में न्यूरो फिजिशियन डॉक्टर के सिविल लाइंस स्थित न्यूरोलॉजी सेंटर और डिफेंस कालोनी स्थित घर पर आयकर की टीम ने छापा मारा।
नोएडा में आयकर की टीम ने पांच स्थानों पर छापे मारे। इसमें न्यूरो फिजिशियन डॉक्टर के घर व क्लीनिक तथा एक अन्य फिजिशियन के घर व क्लीनिक पर छापे मारे गए। दोनों डॉक्टरों द्वारा मिलकर सेक्टर 50 बनाए गए हास्पिटल पर भी आयकर टीम ने छापा मारा।
हापुड़ में भी चार स्थानों पर छापे मारे गए। यहां टीम ने ट्रस्ट के अधीन चल रहे मेडिकल कालेज, आयुर्वेदिक हास्पिटल, पेट्रोल पंप और सीमेंट एजेंसी पर छापे मारे।
गाजियाबाद में कवि नगर स्थित मकान में भी छापा मारा गया।
प्रधान आयकर निदेशक जांच, पश्चिम उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड अमरेंद्र कुमार ने बताया कि इन छापों का मकसद प्रदेश के कोने-कोने में यह संदेश पहुंचाना है कि सभी करदाता अपने कर का सही तरीके से समय पर भुगतान करें। छापों में अभी तक भारी मात्रा में अघोषित नकदी मिली है।
मुरादाबाद से संबंधित पृष्ठ 2 व मेरठ से संबंधित समाचार पृष्ठ 6 पर

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *