Share
देहरादून 26 जनवरी, 2018(सू.ब्यूरो)-69वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने पूर्वाहन 09ः30 बजे मुख्यमंत्री आवास पर ध्वजारोहण किया तथा राष्ट्रीय ध्वज को नमन करते हुए पुलिस गार्ड की सलामी ली। मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र ने इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों, कार्मिकों व पुलिस के जवानों को राष्ट्रीय एकता एवं आपसी सद्भाव की शपथ दिलायी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र ने प्रदेशवासियों को गणतन्त्र दिवस की बधाई दी, तथा संविधान निर्माताओं एवं स्वतन्त्रता संग्राम सैनानियों को श्रद्धांजली अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सीमाओं पर 24 घन्टे, 12 महीने तैनात हमारे जवानों के कारण हम चैन की साँस ले पा रहे हैं, गणतन्त्र दिवस की खुशी उनके बीच रहकर बाँटनी चाहिए। इसलिये वे आई0टी0बी0पी0 जवानों को गणतंत्र दिवस की बधाई देने तथा इस पर्व को उनके मध्य जाकर मनाने के लिये वे निलांग व मातली जा रहे हंै।
मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि भारत को आजादी जिन स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान के कारण मिली है, उन्हें देश कभी नहीं भुला पाएगा। स्कूली पाठ्यक्रमों में उनके विषय में पढ़ाया जाता है और राष्ट्रीय दिवस के अवसरों पर उन्हें स्मरण किया जाता है।
उन्होने कहा कि उत्तराखण्ड के प्रवासियों को अपने गाँव अपने प्रदेश के विकास में योगदान देने के लिए आमंत्रित किया गया है। उड़ान योजना से राज्य के विकास को गति मिलेगी। सड़क, रेल व वायु मार्गों की सुगमता के कारण राज्य मजबूत होगा इससे राज्य मे आवागमन आसान होगा तथा अधिक से अधिक पर्यटक प्रदेश मे आयेंगे। इसे राज्य की भविष्य की तैयारी के रूप में देखा जा सकता है। भविष्य में देश व दुनिया उत्तराखण्ड को स्विटजरलैण्ड के रूप में देखेगी।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री परेड ग्राउण्ड मे आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम मे शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने इस कार्यक्रम में शामिल हुए वयोवृद्ध स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से भेंट कर उनकी कुशल क्षेम जानी तथा शाॅल भेंट कर उन्हें सम्मानित किया।
परेड ग्राउण्ड में गणतंत्र दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा झांकियों का प्रदर्शन भी किया गया। इसमें स्वजल परियोजना द्वारा ‘‘स्वस्थ भारत का स्वच्छ गांव‘‘ पर आधारित, एसडीआरएफ द्वारा ‘‘आपका आगमन हमारा सौभाग्य, आपकी सुरक्षा-हमारा ध्येय‘‘, विद्यालयी शिक्षा विभाग द्वारा ‘‘पढ़ेगा उत्तराखण्ड तो बढ़ेगा उत्तराखण्ड‘‘, वन विभाग द्वारा ‘‘मृदा एवं जल संरक्षण‘‘, एम.डी.डी.ए. द्वारा ‘‘सबके लिये आवास (शहरी)‘‘ एवं ग्राम्य विकास विभाग की ओर से ‘‘ग्राम विकास से ग्राम समृद्धि‘‘ पर आधारित झांकी निकाली गई। इन झांकियों में उद्यान, उद्योग व एस.डी.आर.एफ की झांकियों का क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न सांस्कृतिक दलों एवं स्कूली छात्र-छात्राओं ने आकर्षक कार्यक्रमों का प्रदर्शन कर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवन्तता प्रदान की।  इस बार कार्यक्रम स्थल पर हेलीकाॅप्टर द्वारा पुष्प वर्षा भी की गई।
परेड ग्राउंड में आयोजित इस समारोह में मेयर (महापौर) देहरादून श्री विनोद चमोली, मुख्य सचिव श्री उत्पल कुमार सिंह, अपर मुख्य सचिव श्री ओम प्रकाश, डी.जी.पी. श्री अनिल रतूडी सहित पुलिस तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न जनप्रतिनिधि, विशिष्ट गणमान्य अतिथि, नागरिक/जनसामान्य भी उपस्थित थे।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *