Share

बीड. महाराष्ट्र के बीड जिले में रविवार सुबह सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा माजलगांव तालुका में शिंदेवाड़ी फाटा के पास सुबह करीब 11 बजे हुआ। देवी तुलजा भवानी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को लेकर तुलजापुर जा रही एक कार राज्य परिवहन की बस से टकरा गई।
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण के लिए जिम्मेदार ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, माजलगांव का एक परिवार कार से तुलजापुर जा रहा था। इसी दौरान शिंदेवाड़ी जंक्शन के पास एक कार और बस की भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार चकनाचूर हो गई। बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से राजमार्ग पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटनास्थल पर दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
इसी बीच, शिंदेवाड़ी क्षेत्र के ग्रामीण इस दुर्घटना से नाराज होकर राजमार्ग पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि शिंदेवाड़ी जंक्शन के पास सड़क पर बने जंप के कारण बार-बार दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने इस स्थान पर सुरक्षा उपाय करने की भी मांग की।

By Admin