नई दिल्ली। स्विस परिसंघ के राष्ट्रपति गाइ परमेलिन सोमवार को तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत पहुंचे। राष्ट्रपति भवन में उनके स्वागत के लिए समारोह आयोजित किया गया, जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मौजूद रहे। राष्ट्रपति परमेलिन के साथ उनकी पत्नी भी भारत पहुंची हैं।
स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति गाइ परमेलिन ने कहा कि भारत यात्रा दोनों देशों के रिश्तों को लेकर उनकी प्रतिबद्धता को रेखांकित करने का बेहतरीन अवसर है। उन्होंने कहा कि भारत और स्विट्जरलैंड के संबंध लोकतांत्रिक मूल्यों, आपसी विश्वास और सम्मान पर आधारित हैं। यह यात्रा दोनों देशों के बीच लंबे समय से चली आ रही करीबी और व्यापक साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम है।
उन्होंने कहा कि उन्हें द्विपक्षीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर भारत के साथ विचार साझा करने की खुशी है। परमेलिन ने विशेष रूप से भारत-ईएफटीए व्यापार और आर्थिक साझेदारी समझौते (टीईपीए) के लागू होने की पहली वर्षगांठ का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह दोनों देशों के बीच अब तक हुई प्रगति का जश्न मनाने के साथ-साथ भविष्य को मिलकर आकार देने का भी अवसर है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, राष्ट्रपति गाइ परमेलिन की भारत यात्रा 5 से 7 अक्टूबर तक है। उनके साथ वरिष्ठ अधिकारियों और कारोबारी नेताओं का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है। यह उनकी पहली राजकीय भारत यात्रा है। हालांकि, 2026 में वह दूसरी बार भारत पहुंचे हैं। इससे पहले फरवरी में उन्होंने नई दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट में हिस्सा लिया था। एजेंसी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति गाइ परमेलिन के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी। इसमें व्यापार और निवेश, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, नवाचार, मोबिलिटी, संस्कृति और दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क समेत विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की जाएगी। दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार साझा करेंगे। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत और स्विट्जरलैंड के बीच सहयोग बढ़ाने को लेकर भी चर्चा होगी।
