नई दिल्ली। आईची-नागोया में चल रहे 20वें एशियाई खेलों की ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं में भारत के लिए मंगलवार का दिन बेहद शानदार रहा। नागोया में बारिश के बीच भारत ने एक स्वर्ण सहित पांच पदक अपने नाम किए।
भारत इन खेलों में ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं में अब तक 24 पदक जीत चुका है, जिनमें एक स्वर्ण, नौ रजत और 14 कांस्य शामिल हैं यानी आधे से ज्यादा पदक एथलेटिक्स में मिले हैं।
खत्म हुआ स्वर्ण का इंतजार
भारत की किरण पहल, पूवम्मा माचेतिरा, प्राची और विथ्या रामराज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एशियाई खेलों में मंगलवार को महिलाओं की 4×400 मीटर में स्वर्ण जीता जो इन खेलों में एथलेटिक्स में भारत का पहला स्वर्ण है। भारतीय टीम ने तीन मिनट 29.69 सेकेंड का समय निकाला। बहरीन दूसरे और चीन तीसरे स्थान पर रहा।
इससे पहले गुरिंदरवीर सिंह, अनिमेष कुजूर, स्नेहा सत्यनारायण और हरिता भद्रा ने 4×100 मीटर मिक्स्ड रिले फाइनल में सत्र का सर्वश्रेष्ठ 41.06 सेकेंड का समय निकालकर कांस्य पदक जीता। चीन को स्वर्ण और थाईलैंड को रजत पदक मिला।
वहीं, पुरुषों की की 4×400 मीटर रिले में विशाल, धर्मवीर, मनु और राजेश ने जीता कांस्य पदक जीता। भारत के देव कुमार मीणा ने पुरुषों के पोल वॉल्ट में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाते हुए 5.50 मीटर का प्रयास किया, लेकिन सातवें स्थान पर रहे। महिलाओं की 800 मीटर में पूजा ओल्ला और पुरुष वर्ग में मोहम्मद अफजल क्रमश: सातवें और आठवें स्थान पर रहे।











