यूपी में मुजफ्फरनगर के तितावी थाना क्षेत्र के गांव सैदपुर में महिलाओं की मासिक कमेटी को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। पैसों के लेनदेन को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया, जहां महिला सदस्यों के बीच जमकर मारपीट हुई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।गांव की कुछ महिलाओं ने आपसी सहयोग से मासिक कमेटी डाली थी। जब एक महिला की कमेटी निकली तो अन्य महिलाओं ने उसपर आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई।हैरानी की बात यह रही कि मौके पर पुलिस की मौजूदगी में ही दोनों पक्षों की महिलाएं आपस में भिड़ गईं। इस दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे के बाल पकड़कर जमकर मारपीट की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।इस घटना का किसी व्यक्ति ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जो अब तेजी से फैल रहा है। पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन इस घटना ने महिला समूहों में आपसी विश्वास पर सवाल खड़े कर दिए हैं।फुगाना के सीओ जितेंद्र सिंह नागर ने कहा कि आज सोशल मीडिया पर थाना तितावी की बघरा चौकी का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें कुछ महिलाओं के द्वारा पुलिस की मौजूदगी में आपस में मारपीट की जा रही है। इस संबंध में एक पक्ष की महिला के द्वारा डायल 112 पर सूचना दी गई। इस सूचना पर पीआरवी और थाना तितावी की बघरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों लोगों को चौकी पर लाया गया है।उन्होंने आगे कहा कि पीछे से दोनों पक्षों की महिलाएं भी चौकी पर आईं और उनके बीच कुछ विवाद हुआ, जिसमें मारपीट हुई। इसका वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो के आधार पर और लोगों को भी चिन्हित किया जाएगा और जो भी नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई होगी वह सभी के विरुद्ध की जाएगी।











