समंदर में बढ़ी ताकत!

82
Share

समंदर में बढ़ी ताकत! DRDO और नेवी ने एयर ड्रॉपेबल कंटेनर ‘ADC-150’ का सफल परीक्षण किया
नई दिल्ली: समंदर में भारतीय नौसेना की ताकत में और इजाफा हुआ है। नौसेना ने अपनी लॉजिस्टिक्स क्षमताओं में एक नई उपलब्धि जोड़ी है। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) और भारतीय नौसेना दोनों ने संयुक्त रूप से गोवा के तट पर P8I विमान से स्वदेशी एयर ड्रॉपेबल कंटेनर ‘ADC-150’ का इन-फ्लाइट रिलीज परीक्षण किया। ये परीक्षण विभिन्न चरम परिस्थितियों में किए गए जो पूरी तरह से सफल रहे। जानकारी के मुताबिक 21 फरवरी से 1 मार्च, 2026 के बीच स्वदेशी एयर ड्रॉपेबल कंटेनर ‘एडीसी-150’ के चार सफल परीक्षण किए गए।
ADC-150 स्वदेशी रूप से डिजाइन और विकसित एक एयर ड्रॉपेबल कंटेनर है। यह 150 किलोग्राम पेलोड पहुंचाने में सक्षम है। इसे खासतौर पर उन नेवी जहाजों की मदद के लिए बनाया गया है जो तट से दूर गहरे समुद्र में तैनात होते हैं। यह संकटग्रस्त नौसैनिक जहाजों को त्वरित सहायता प्रदान करने के लिए नौसेना की परिचालन रसद क्षमताओं को बढ़ाता है। संकट के समय इन जहाजों तक महत्वपूर्ण उपकरण, जरूरी सामान या चिकित्सा सहायता तुरंत पहुंचाने के लिए इसे P8I विमान से एयरड्रॉप किया जा सकता है।