आज भी संसद में हंगामे के आसार, संजय सिंह ने स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया
संसद में आज फिर हंगामे के आसार नजर आ रहे हैं। पिछले 13 दिनों में ऑपरेशन सिंदूर को छोड़कर किसी विषय पर गंभीर चर्चा नहीं हो पाई है।
संसद के मॉनसून सत्र का आज 13 वां दिन है। आज भी लोकसभा और राज्यसभा में हंगामे के आसार हैं। विपक्षी दलों के शोर-शराबे और प्रदर्शन के चलते सदन का कामकाज बाधित हुआ है। पहलगाम आंतकी हमले के बाद भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के दौरान ही सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चल पाई। बाकी दिन शोर-शराबे और हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी।
संसद भवन परिसर में विपक्षी सांसदों ने एक बड़ा बैनर ले रखा था, जिस पर ‘डिस्कशन नॉट डिलीशन’ (चर्चा करो, नाम नहीं हटाओ) लिखा हुआ था। विपक्षी सांसदों ने “वोट चोर, गद्दी छोड़” और “एसएआईआर वापस लो” के नारे लगाए। विरोध प्रदर्शन से पहले विपक्षी नेताओं ने संसद भवन परिसर में बैठक की, जिसमें संसद के मानसून सत्र में आगे की रणनीति पर चर्चा की गई।
विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के कई घटक दलों के सांसदों ने बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का विरोध करते हुए बुधवार को संसद भवन परिसर में प्रदर्शन किया। संसद के ‘मकर द्वार’ के निकट हुए इस विरोध प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और कई अन्य दलों के सांसद शामिल हुए। संसद में आज भी हंगामे के आसार हैं | बीआरएस राज्यसभा सांसद के.आर. सुरेश रेड्डी ने गोदावरी-बनकचेरला परियोजना पर चर्चा के लिए राज्यसभा में नोटिस दिया।कांग्रेस सांसद रजनी पाटिल ने “चुनावी प्रक्रिया की अखंडता, समावेशिता और निष्पक्षता” पर चर्चा के लिए राज्यसभा में कार्य स्थगन नोटिस दिया।
कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर चर्चा के लिए राज्यसभा में कार्य स्थगन नोटिस दिया।
आप सांसद संजय सिंह ने एसएससी चरण-13 परीक्षा में अनियमितताओं और उसके प्रभावों पर चर्चा के लिए नियम 267 के तहत राज्यसभा में कार्य स्थगन प्रस्ताव दिया है।
कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर चर्चा के लिए लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव दिया।
कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने “चुनावी प्रक्रियाओं की अखंडता” की चिंताओं पर चर्चा के लिए नियम 267 के तहत राज्यसभा में कार्य स्थगन प्रस्ताव दिया।
लोकसभा में कांग्रेस सांसद हिबी ईडन ने ‘बॉम्बे हाईकोर्ट में एक जज की नियुक्ति, जो पहले एक प्रमुख राजनीतिक दल के प्रवक्ता के रूप में कार्यरत थे, और जजों की निष्पक्षता और स्वतंत्रता पर चिंता व्यक्त करते हुए चर्चा के लिए स्थगन प्रस्ताव पेश किया।











