शोहरत के बाद भी अधूरी हैं सोनिया बंसल, अब बनना चाहती हैं लाइफ कोच

81
Share

मुंबई, ‘बिग बॉस 17’ से चर्चा में आई अभिनेत्री सोनिया बंसल ने अभिनय की दुनिया से कुछ समय के लिए ब्रेक लेने और आत्मिक शांति की तलाश में नई राह चुनने के संकेत दिए हैं। पांच फिल्मों में काम कर चुकीं सोनिया ने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में अपनी अंतरात्मा की आवाज को सुनने और खुद के लिए जीने की इच्छा को खुलकर व्यक्त किया।

ईटाइम्स को दिए इंटरव्यू में सोनिया बंसल ने कहा, “मेरे पास नाम, पैसा और पहचान सब कुछ है, लेकिन एक खालीपन है जो मुझे अंदर से तोड़ता है। अब मैं और बनावटी जीवन नहीं जीना चाहती।” उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि लगातार परफेक्ट दिखने की दौड़ ने उन्हें मानसिक रूप से थका दिया है।

सोनिया अब स्पिरिचुअल हीलर और लाइफ कोच बनने का मन बना रही हैं। उन्होंने कहा, “यह इंडस्ट्री मुझे पहचान तो दे पाई, लेकिन सुकून नहीं। अब मैं सिर्फ सच के साथ जीना चाहती हूं और चाहती हूं कि मेरी यात्रा दूसरों को भी सही राह दिखाए।” उन्होंने यह भी कहा कि जिंदगी का कोई भरोसा नहीं, ऐसे में अगर हमने खुद के लिए नहीं जिया तो इस सफर का क्या अर्थ?

सोनिया ने 2019 में फिल्म ‘नॉटी गैंग’ से करियर की शुरुआत की थी और ‘डुबकी’, ‘गेम सौ करोड़ का’, ‘शूरवीर’ और ‘धीरा’ जैसी फिल्मों में काम किया। ‘बिग बॉस 17’ में भाग लेने के बावजूद वह सबसे पहले बाहर होने वाली प्रतियोगी रहीं, लेकिन शो के जरिए उन्होंने व्यापक पहचान जरूर हासिल की। मौजूदा समय में वह ‘यह बॉस’ फिल्म की शूटिंग में व्यस्त हैं, जिसे मीडिया रिपोर्ट्स में उनकी आखिरी फिल्म माना जा रहा है।

सोनिया का यह निर्णय इस बात का प्रमाण है कि ग्लैमर और लोकप्रियता के बावजूद कलाकारों के भीतर एक संघर्ष चलता रहता है — आत्मिक शांति, उद्देश्य और सच्ची खुशी की तलाश का। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि सोनिया इस राह पर कितना आगे बढ़ती हैं और क्या सचमुच वह अभिनय की दुनिया को अलविदा कहती हैं या यह महज एक आत्मिक विराम है।