भारत-स्लोवेनिया के बीच 10वीं विदेश कार्यालय बैठक में व्यापार, तकनीक और रक्षा सहयोग पर जोर

62
Share

भारत और स्लोवेनिया के बीच आज मंगलवार को 10वीं विदेश कार्यालय परामर्श (Foreign Office Consultations) आयोजित की गई। इस बैठक में भारत की ओर से विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) तन्मय लाल ने प्रतिनिधित्व किया, जबकि स्लोवेनिया की ओर से विदेश और यूरोपीय मामलों के मंत्रालय में राज्य सचिव मार्को श्तुचिन ने भाग लिया। इस दौरान दोनों देशों ने राजनीतिक संबंधों, व्यापार और निवेश, विज्ञान और तकनीक, डिजिटलाइजेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), अंतरिक्ष, रक्षा, कृषि और लोगों के बीच संपर्क जैसे क्षेत्रों में हुए सहयोग की समीक्षा की।

बैठक में सहमति बनी कि भारत और स्लोवेनिया आने वाले वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और बढ़ाएंगे। प्रवासन और मोबिलिटी, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और वैश्विक-क्षेत्रीय मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया। दोनों देशों ने आधुनिक वैश्विक चुनौतियों से निपटने में मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई। दोनों देशों के बीच इस बात पर भी सहमति बनी कि वर्ष 2027 में भारत-स्लोवेनिया राजनयिक संबंधों की 35वीं वर्षगांठ को विशेष तरीके से मनाया जाएगा, ताकि द्विपक्षीय संबंधों की गहराई और मजबूती प्रदर्शित की जा सके।

इसके अलावा, स्लोवेनियाई राज्य सचिव मार्को श्तुचिन ने भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर से शिष्टाचार मुलाकात भी की। इस भेंट से दोनों देशों के बीच उच्च स्तरीय संबंधों की पुष्टि हुई और यह संकेत मिला कि भारत और स्लोवेनिया रणनीतिक और बहुपक्षीय सहयोग को और मजबूती देंगे। यह परामर्श बैठक भारत-स्लोवेनिया संबंधों को नई दिशा देने की दिशा में एक अहम कदम साबित हुई।