Share

पति की शिकायत करना चाहती थी, इसलिए पीएम मोदी के काफिले के सामने आई’, महिला ने पुलिस को बताई कहानी
रांची पहुंचे पीएम नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चूक मामले में तीन पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया गया है। बता दें कि बुधवार को एक महिला पीएम मोदी के काफिले के सामने आ गई थी। महिला की पहचान संगीता झा के रूप में हुई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीते दिनों रांची यात्रा पर गए हुए थे। इस दौरान पीएम मोदी की रांची यात्रा के दौरान सुरक्षा में चूक का मामला सामने आया था। इस बाब एक पुलिस अधिकारी द्वारा जानकारी साझा की गई थी। अधिकारी के मुताबिक, बुधवार की सुबह भगवान बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान-सह स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय जाते समय एक महिला अप्रत्याशित रूप से दौड़ते हुए पीएम मोदी के काफिले का सामने आ गई थी। हालांकि वहां सुरक्षा में तैनात सुरक्षाबलों ने तुरंत ही महिला को पकड़ लिया और हिरासत में लिया। बता दें कि बुधवार को पीएम मोदी बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर दो दिवसीय झारंखड दौरे पर पहुंचे थे। इस मामले में अब तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस के एक बयान के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यात्रा के दौरान ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में एक सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) और दो कॉन्स्टेबलों को निलंबित कर दिया गया है। जिन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है, उनमें एएसआई अबू जफर, सिपाही छोटेलाल टुडू और सिपाही रंजन कुमार शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक पीएम मोदी के काफिले के सामने आने वाली महिला की पहचान संगीता झा के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि महिला कथित तौर पर अपने पति से परेशान थी। वह अपने पति की शिकायत दर्ज कराना चाहती थी। पति की शिकायत करना चाहती थी महिला
रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) चंदन कुमार सिन्हा ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि उसकी शादी 2012 में झारखंड के देवघर जिले के जमुनी गांव में एक व्यक्ति से हुई थी। लेकिन, 2016 में उनके बीच विवाद शुरू हो गया और आए दिन उसका पति उससे मारपीट करने लगा।’’ एसएसपी ने कहा, ‘‘महिला चाहती है कि उसके पति का वेतन उसके बैंक खाते में जमा कराया जाए। इस संबंध में वह गत अक्टूबर में प्रधानमंत्री से मिलने दिल्ली भी गई थी और वहां 10 दिनों तक रही। प्रधानमंत्री से नहीं मिल पाने के बाद उसने राष्ट्रपति से मिलने की कोशिश की। जब सभी प्रयास असफल रहे तो वह देवघर में अपने ससुराल लौट आईं
संगीता झा ने पुलिस को बताया कि प्रधानमंत्री के यहां आगमन की जानकारी मिलने के बाद वह रांची आ गई। पुलिस के अनुसार, महिला ने मंगलवार रात रोड शो के दौरान उनसे मिलने की कोशिश की लेकिन असफल रही और बुधवार को राजभवन जाने का भी प्रयास किया। सिन्हा ने कहा, ‘‘वह राजभवन से निराश होकर लौट रही थीं, लेकिन रेडियम रोड पर अचानक उसने प्रधानमंत्री के काफिले का सायरन सुना और उनसे मिलने के लिए वह काफिले के सामने आ गई।’’ प्रधानमंत्री ने मंगलवार को 10 किलोमीटर लंबा रोड शो किया था और अगली सुबह उन्होंने रांची में जेल चौक के पास भगवान बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान-सह-स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय में मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *