Share

अखिलेश यादव बोले- BJP शासन में योजनाओं का हल्ला ज्यादा है, लोगों को फायदा नहीं
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया है कि बीजेपी सरकार में भ्रष्टाचार जमकर हो रहा है। उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं में बिचौलिए उगाही करते हैं।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक बार फिर सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं में बिचौलिए उगाही करते हैं। इस सबकी जानकारी होते हुए भी सरकार की आंखे बंद हैं। ताजा मामला कन्नौज का है। जहां प्रधानमंत्री आवास योजना में भ्रष्टाचार के कारण युवती ने आत्महत्या कर ली।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास के नाम पर कन्नौज की तिर्वा निवासी सोनम को ठगा गया। इस वजह से वह बहुत दुःखी थी। बीजेपी सरकार की प्रदेश और केंद्र की योजनाओं में जमकर भ्रष्टाचार हो रहा है। बजट की लूट हो रही है। कोई योजना जमीन पर नहीं दिखाई दे रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी राज में योजनाओं का हल्ला ज्यादा है, लोगों को लाभ नहीं हो रहा है। जनता का हर वर्ग उत्पीड़न का शिकार है। भ्रष्टाचार से आम जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। स्वास्थ्य सेवाएं ध्वस्त हैं। सरकार जनता को डेंगू, मलेरिया बुखार तक का इलाज उपलब्ध नहीं करा पा रही है। अस्पतालों में दवाएं और अन्य सुविधाएं नहीं हैं। जनता परेशान और बेहाल है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *